उत्तर दक्षिण 24 परगनाः हायर सेकेंडरी की परीक्षा देकर लौटते समय एक हादसा हुआ। फोर-व्हीलर की टक्कर से ऑटो पलट गया। उस ऑटो में हायर सेकेंडरी की परीक्षार्थी अपने घर लौट रही थीं। हादसे में सात से आठ छात्राएं घायल हो गयीं। यह घटना गुरुवार दोपहर को उत्तर 24 परगना के बारासात के बामनगाछी इलाके में हुई। कुछ घायलों को बारासात मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। फोर-व्हीलर का ड्राइवर फरार बताया जा रहा है।
हायर सेकेंडरी की परीक्षा का पहला दिन था। पूर्व बारासात आदर्श विद्यापीठ की छात्राएं अपने अभिभावकों के साथ डीजल से चलने वाले ऑटो में घर लौट रही थीं। ऑटो बारासात चापडाली से जागुलिया की ओर जा रहा था। बामनगाछी चौमाथा के पास एक फोर-व्हीलर ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। ऑटो बीच सड़क पर पलट गया। ऑटो में सवार लगभग सभी लोग घायल हो गए।
परीक्षार्थियों को घायल अवस्था में बारासात मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल ले जाया गया। उनमें से कुछ को फर्स्ट एड के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दुर्घटना के बाद ऑटो ड्राइवर भाग गया। पुलिस कार चालक को गिरफ्तार करने गई, लेकिन कार ड्राइवर भी गाड़ी छोड़कर फरार हो चुका था। बारासात पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
घायल परीक्षार्थियों में से एक दीपशिखा डे ने कहा, "ऑटो में हम सात आठ लोग थे। कुछ के साथ उनके अभिभावक भी थे। फोर-व्हीलर गाड़ी ने अचानक हमारे ऑटो को टक्कर मार दी। हमारा ऑटो पलट गया। हममें से कई लोग घायल हो गए। हममें से दो या तीन का अभी भी अस्पताल में इलाज चल रहा है।"