गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में नकली दवाइयां बनाने और सप्लाई करने वाले गिरोह के आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। ये लोग हिमालय वेलनेस कंपनी के नाम से नकली टैबलेट बना रहे थे। गुरुवार को मुरादनगर पुलिस ने जॉनी सिंह, फरमान और मुजम्मिल को गिरफ्तार किया। इससे पहले रविवार को गिरोह के पांच अन्य सदस्य—मयंक, नितिन त्यागी, अनूप गर्ग, तुषार और आकाश को पकड़ा गया था।
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस के अनुसार अब तक 85,000 नकली टैबलेट, छपे हुए रैपर और प्लास्टिक के डिब्बे बरामद किए गए हैं। जांच में पता चला है कि टैबलेट हरियाणा के सोनीपत में बनवाई जा रही थीं, जबकि प्लास्टिक कंटेनर और रैपर मेरठ में तैयार किए जाते थे। अभियुक्त मोदीनगर और मेरठ के रहने वाले हैं और नकली दवाइयां मेडिकल स्टोर तक कूरियर के जरिए पहुंचाते थे। सभी अभियुक्तों को जेल भेज दिया गया है। मामले की आगे जांच जारी है।