लखनऊ: जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, मंगलवार को छात्रों को एल्बेंडाजोल टैबलेट दी गई थी। टैबलेट खाने के तुरंत बाद बच्चों को सिरदर्द और उल्टी की शिकायत शुरू हो गई। इसके बाद दोनों जिलों के लगभग 120 छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के मुताबिक, फर्रुखाबाद के कमालगंज क्षेत्र के राठौरा महाद्दीनपुर स्थित जवाहरलाल प्रेमादेवी स्कूल में यह घटना हुई। इस स्कूल के लगभग 150 छात्रों को टैबलेट दी गई थी, जिनमें से करीब 100 छात्र बीमार पड़ गए। इससे अभिभावकों में दहशत फैल गई।
अधिकारियों ने बताया कि 33 छात्रों को कमालगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जबकि 67 को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया। फर्रुखाबाद के जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने अस्पताल पहुंचकर डॉक्टरों को उचित उपचार देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूरे जिले में टैबलेट दी गई थी लेकिन यह समस्या केवल एक स्कूल में सामने आई है। एक साथ इतने बच्चों के बीमार होने के पीछे अन्य कारण भी हो सकते हैं। जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी अवविंद कुमार ने बताया कि सभी बच्चों की स्थिति अब स्थिर है।
मैनपुरी के एक स्कूल में भी इसी तरह की घटना सामने आई। मैनपुरी के जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय कृमिनाशक दिवस पर लगभग 10 लाख बच्चों को टैबलेट दी गई थी। उन्होंने कहा कि इस टैबलेट के बाद एक या दो बच्चों में शारीरिक परेशानी हो सकती है। उन्हें देखकर अन्य बच्चे घबरा सकते हैं। हालांकि केवल एक गांव में ही यह समस्या क्यों हुई, इसकी जांच की जाएगी। अन्य कहीं से ऐसी कोई सूचना नहीं मिली है।