पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर देश का पहला 'म्यूजिकल रोड' ट्रेंड कर रहा है जिसकी वीडियो आपने भी जरूर देखी होंगी। मुंबई में हाल ही में इस रोड का उद्घाटन किया गया है जिस पर से होकर जैसे ही गाड़ियां गुजरती हैं यह एक बहुत ही प्यारी और जानी-पहचानी धुन बजाने लगती है। क्या आपने वह धुन पहचान ली है?
जी हां, देश की पहली 'म्यूजिकल रोड' से होकर गाड़ियां जब आवाजाही कर रही हैं तो यहां ए.आर.रहमान की ऑस्कर विजेता धुन 'जय हो' (फिल्म स्मलडॉग मिलेनियर) की धुन बजने लग रही है। पर आखिर ऐसे 'म्यूजिकल रोड' बनाने की वजह क्या है? क्या इससे दुर्घटनाएं होने का खतरा नहीं बढ़ जाता है? कैसे काम करती है 'म्यूजिकल रोड'? भारत के अलावा और कौन सी देशों में गुनगुनाती हैं सड़कें?
आइए इन सभी सवालों का जवाब ढूंढने की कोशिश करते हैं -
मुंबई में कहां है 'म्यूजिकल रोड'? कैसे काम करती है यह?
मुंबई के कोस्टल रोड पर नरीमन प्वाएंट से वर्ली की ओर जाने वाले टनल से बाहर निकलने के बाद ही यह 'म्यूजिकल रोड' मौजूद है। इस रोड पर जब निर्धारित रफ्तार से गाड़ियों को चलाया जाता है तो यहां 'जय हो' की धुन सुनाई देती है। मगर ध्यान रहे, यह धुन आपको सिर्फ तभी सुनाई देगी जब गाड़ी की रफ्तार सटीकता के साथ लगभग 70-80 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हो। अगर गाड़ी उससे तेज या कम रफ्तार से चलायी जाएगी तो यह धुन स्पष्ट नहीं सुनाई देगी।
मिली जानकारी के अनुसार जब निर्धारित रफ्तार से गाड़ियां चलायी जा रही है तो टायरों के नीचे बनें खांचों और सड़क पर निश्चित दूरी और ऊंचाई के साथ बने रम्बल स्ट्रिप्स के बीच घर्षण की वजह से यह धुन पैदा होती है। गाड़ियां जब इन स्ट्रिप्स से होकर गुजरती है तब कंपन पैदा होती है और इसे इस तरह से डिजाइन किया गया है फ्रिक्वेंसी मिलकर एक गाने की धुन बन जाए।
क्या सुरक्षा के लिहाज से है सुरक्षित?
पत्रिका.कॉम की मीडिया रिपोर्ट में मुंबई ट्रैफिक पुलिस के एक कॉन्सटेबल के हवाले से बताया गया है कि कोस्टल रोड शहर की ट्रैफिक को कम करने में काफी अहम साबित हुआ है। साथ ही उन्होंने बताया कि म्यूजिकल रोड ड्राइविंग के लिए पूरी तरह से सुरक्षित है। यह लगभग 500 मीटर लंबा स्ट्रेच बताया जाता है। इस स्ट्रेच के शुरू होने से पहले बोर्ड लगाकर म्यूजिकल रोड के होने की जानकारी दी जा रही है।
बताया जाता है कि म्यूजिकल रोड्स को ड्राइवरों को तय गति में बनाए रखने और गाड़ी चलाते समय उनकी बोरियत को दूर करने के लिए बनाया जाता है। इसके साथ ही यह ड्राइवरों को ध्यान केंद्रीत करने और दुर्घटनाओं को कम करने का दावा भी करती है।
अब तक कौन से देशों में बनी है म्यूजिकल रोड?
जिन देशों व शहरों में अब तक म्यूजिकल रोड बनाएं जा चुके हैं, उनमें शामिल हैं -
कैलिफोर्निया, अमेरिका का लैंकेस्टर सिटी
दक्षिण कोरिया में कई हाईवे पर
इंडोनेशिया में प्रमुख हाईवे और टोल रोड पर
न्यू मेक्सिको, अमेरिका में रूट 66
बीजिंग, चीन
हंगरी में मेन रोड 67
जापान में शिरेतोको, होक्काइडो में