दिल्ली में घूमने की नयी जगह। 20 फरवरी से शुरू हो रही है दिल्ली की यमुना नदी में क्रूज सर्विस। मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली में रेखा गुप्ता की सरकार के 1 साल पूरे होने के बाद इसे शुरू करने की योजना बनायी जा रही है। इस बारे में मीडिया से बात करते हुए अधिकारियों का कहना है कि क्रूज का ट्रायल रन 16 या 17 फरवरी और क्रूज सर्विस की शुरुआत 20 फरवरी से की जाएगी। बता दें, यह सेवा दिल्ली सरकार की रिवर रिजुविनेशन एंड टूरिज्म डेवलपमेंट योजना का ही हिस्सा है।
HT की मीडिया रिपोर्ट में अधिकारियों के हवाले से बताया गया है कि पर्यटकों को क्रूज पर लगभग 1 घंटे तक सोनिया विहार से जगतपुर के बीच घुमाया जाएगा। इस दौरान लगभग 5-6 किलोमीटर के दायरे में यमुना नदी में घुमाया जाएगा। पर्यटकों को क्रूज पर घूमते हुए आसपास के घाटों को सुन्दर और मनमोहक नजारा तो दिखेगा ही, साथ ही नदी के किनारों पर प्राकृतिक सुन्दरता का भी लुत्फ उठा सकेंगे।
यमुना नदी क्रूज सेवा के लिए जिस नाव का इस्तेमाल किया जाएगा उसमें क्रू के 2 सदस्य समेत कुल 32 लोग बैठ सकेंगे। बताया जाता है कि नाव का निर्माण मुंबई की एक कंपनी के आधार पर किया गया है जिसमें नाव के बाहरी हिस्से को नीले और अंदरुनी हिस्से को मरुन रंग से रंगा गया है। बताया जाता है कि जिस मॉडल की नाव का इसमें इस्तेमाल किया जाएगा वह The Island Boats 40 होने वाली है जो 40 फीट की नाव है।
दिल्ली यमुना रिवर क्रूज : महत्वपूर्ण जानकारी
कब होगा लॉन्च : 20 फरवरी 2026 (संभावित)
रूट : सोनिया विहार से जगतपुर (लगभग 6 से 7 किलोमीटर का राउंड ट्रिप)
क्रूज बोट : एयर कंडिशन लग्जरी बोट (करीब 40 लोगों के बैठने की व्यवस्था)
समय : प्रत्येक ट्रिप कम से कम 1 घंटे के लिए
किराया : अभी तक घोषित नहीं