गुजरात में एक महिला टीचर को कथित तौर पर पूरी क्लास के सामने एक स्टूडेंट ने थप्पड़ मार दिया, जब टीचर ने उससे पूछा कि वह एग्जाम के लिए लेट क्यों आया था। बात तब और बिगड़ गई जब स्टूडेंट के पिता और दूसरों ने कथित तौर पर टीचर को शिकायत दर्ज कराने से रोकने के लिए धमकी दी। यह कथित घटना 24 जनवरी को पंचमहल जिले के शेहरा कस्बे में हुई थी, लेकिन टीचर ने हिम्मत करके केस दर्ज कराया। इसके बाद पुलिस ने 18 साल के स्टूडेंट को गिरफ्तार किया और क्राइम सीन को रीक्रिएट किया।
क्या है पूरा मामला ?
छात्र को क्लास 12 का प्री-बोर्ड एग्जाम देना था। महिला टीचर उसकी क्लास की सुपरवाइजर थीं। जब वह लेट आया तो टीचर ने उससे देरी का कारण पूछा। शेहरा पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर में टीचर ने बताया कि लड़के ने कहा कि उसके घर पर भी कोई उससे सवाल नहीं करता और फिर उसने टीचर को थप्पड़ मार दिया। फिर छात्र ने कथित तौर पर महिला अध्यापक को धक्का दिया। इसके बाद वह लड़का क्लासरूम से चला गया। यह पूरी घटना कमरे में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। टीचर ने इस बारे में इन-चार्ज प्रिंसिपल के पास शिकायत की और लड़के के पिता को बुलाया गया।
परिजनों ने टीचर को ही धमकाया
पिता ने टीचर से माफी मांगी और यह तय हुआ कि 27 जनवरी को जब फुल-टाइम प्रिंसिपल वापस आएंगे, तब आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। 27 जनवरी को स्टूडेंट, उसके पिता और 20 अन्य लोग स्कूल आए। टीचर ने आरोप लगाया कि इन लोगों ने उन्हें धमकी दी कि वह शहर में अकेली रहती हैं और उन्हें गंभीर नतीजे भुगतने पड़ेंगे। टीचर मूल रूप से नवसारी की रहने वाली हैं।
महिला टीचर ने बताया कि शुरुआत में वह डर गई थीं, लेकिन आखिरकार उन्होंने मामला दर्ज कराने का फैसला किया। शहरा पुलिस इंस्पेक्टर अंकुर चौधरी ने बताया कि युवक के खिलाफ पहले से कोई मामला दर्ज नहीं है। उसके पिता स्टेट ट्रांसपोर्ट बस ड्राइवर हैं।