फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद में चल रहे सूरजकुंड मेले में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि मेले में लगा एक झूला टूटकर गिर गया, जिससे कई लोग घायल हो गए हैं। हादसे के वक्त झूले पर कई लोग सवार थे। सूरजकुंड मेले में यह दूसरा बड़ा हादसा है। इससे पहले गेट गिरने से दो लोग घायल हो गए थे। जानकारी के मुताबिक, शनिवार को सूरजकुंड मेले में लगा झूला टूटकर गिर गया। इस हादसे में एक दर्जन से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है। सभी घायलों को फरीदाबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हादसे में एक इंस्पेक्टर की मौत हो गई है। एक चश्मदीद ने न्यूज एजेंसी PTI को बताया कि झूला ऊपर अटक गया था और लोग चिल्लाने लगे थे। वो भागकर दौड़े और कुछ लोगों को झूले से उतारा। उन्होंने बताया कि जब नीचे उतरा तो रेलिंग ऊपर गिर गई। उन्होंने बताया कि जिस वक्त हादसा हुआ, उस वक्त झूले पर 14-15 लोग सवार थे। इससे पहले शनिवार को ही सूजरकुंड मेला में गेट नंबर-2 गिर गया था। इस हादसे में दो लोग घायल हो गए थे। गनीमत है कि अब तक हुए दो हादसों में किसी को गंभीर चोट नहीं आई है और सब सुरक्षित हैं लेकिन इन हादसों ने मेला में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
15 फरवरी तक चलेगा सूरजकुंड मेला
फरीदाबाद में सूरजकुंड मेला हर साल आयोजित किया जाता है। इस साल 31 जनवरी से 15 फरवरी तक इसका आयोजन हो रहा है। सूरजकुंड मेला इसलिए खास होता है क्योंकि ये सिर्फ शिल्प और खरीदारी का केंद्र नहीं है। यह लोककला, संगीत, संस्कृति और अंतरराष्ट्रीय संवाद का अनूठा मंच है। देश-विदेश के कलाकार और पर्यटक एक ही जगह पर भारत की सांस्कृतिक विविधता और ग्लोबल कलात्मकता का अनुभव कर सकते हैं।