🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

कोलकाता के CP सुप्रतीम सरकार ने किया भांगड़ का दौरा, कहा - हिंसा नहीं की जाएगी बर्दास्त

भांगड़ डिविजन ऑफिस में बैठकर वहां के सभी पुलिस अधिकारियों के साथ सुप्रतीम सरकार ने बैठक की।

By Moumita Bhattacharya

Feb 07, 2026 18:50 IST

कोलकाता पुलिस कमिश्नर की कमान संभालने के बाद पहली बार भांगड़ का जायजा लेने IPS सुप्रतीम सरकार पहुंचे। मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को भांगड़ डिविजन ऑफिस में बैठकर वहां के सभी पुलिस अधिकारियों के साथ उन्होंने बैठक की। मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार इस बैठक में भांगड़ डिविजन के डीसी सैकत घोष भी मौजूद थे। इसके साथ-साथ विभिन्न थाना के ओसी भी इस बैठक में मौजूद रहे।

आनंदबाजार पत्रिका की मीडिया रिपोर्ट में पुलिस सूत्रों के हवाले से बताया गया कि भांगड़ में जल्द ही एक और थाना खोला जाएगा। अगले कुछ दिनों के अंदर ही विजयगंज बाजार में नए थाना का उद्घाटन किया जा सकता है।

इलाके की कानून-व्यवस्था के साथ-साथ भांगड़ में कार्यरत पुलिसकर्मियों की सुविधाओं-असुविधाओं आदि के बारे में भी सुप्रतीम सरकार ने बात की। बताया जाता है कि इस दौरान उन्होंने भांगड़ में हुई राजनैतिक हिंसा और गड़बड़ियों आदि के मुद्दे पर भी लंबी बातचीत की।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार भांगड़ में कार्यरत अधिकारियों से सीपी सुप्रतीम सरकार ने कहा कि किसी प्रकार की हिंसा बर्दास्त नहीं की जाएगी। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था और गड़बड़ी का मुकाबला करने के लिए पुलिस को पूरी तरह से तैयार रहना होगा। गौरतलब है कि साल भर कई तरह की घटनाओं की वजह से भांगड़ लगातार सुर्खियों में छाया रहता है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बैठक के अंत में डीसी ऑफिस से कोलकाता के लिए रवाना होते समय सार्वजनिक तौर पर उन्होंने कोई खास टिप्पणी नहीं की। केवल इतना कहा कि उनके अगले दौरे में भांगड़ की पूरी परिस्थिति को लेकर विस्तार से बातचीत की जाएगी।

गौरतलब है कि लगभग 1 सप्ताह पहले ही सुप्रतीम सरकार को कोलकाता पुलिस के कमिश्नर के पद पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने नियुक्त किया था। कुशल प्रशासक के तौर पर परिचित सुप्रतीम सरकार किसी समय पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य के भरोसेमंद भी रह चुके हैं।

Prev Article
घर-घर जाकर मतदाताओं को वोटर स्लिप देंगे BLO, चुनाव आयोग का सख्त निर्देश
Next Article
कौन से 'स्थायी निवासी प्रमाणपत्र' होंगे SIR में स्वीकृत? आखिरी पड़ाव पर पहुंचकर चुनाव आयोग ने बताया

Articles you may like: