सोलापुर: महाराष्ट्र के सोलापुर शहर की पहचान मानी जाने वाली और कभी बेहद प्रसिद्ध रही ‘मुल्तानी बेकरी’ के मालिक सुनील सदारंगानी ने एक खौफनाक कदम उठाते हुए अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। 60 वर्षीय सुनील सदारंगानी ने विजयपुर रोड स्थित पनाश अपार्टमेंट की 17वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। इस हृदयविदारक घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें वह मौत को गले लगाने से ठीक पहले छत के किनारे खड़े होकर हाथ जोड़कर प्रार्थना करते नजर आ रहे हैं। शहर के इतने प्रतिष्ठित व्यवसायी द्वारा उठाए गए इस कदम से हर कोई स्तब्ध है।
लिफ्ट छोड़कर सीढ़ियों से चढ़े थे 17वीं मंजिल तक
घटनाक्रम के मुताबिक, सुनील सदारंगानी कल दोपहर के समय विजयपुर रोड पर स्थित पनाश अपार्टमेंट पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह ऊपर जाने के लिए लिफ्ट के बजाय सीढ़ियों का इस्तेमाल करते हुए सीधे 17वीं मंजिल पर चले गए। जब वह छत के किनारे खड़े थे, तब नीचे मौजूद लोगों की नजर उन पर पड़ी। उन्हें वहां हाथ जोड़े खड़ा देख नीचे खड़े लोगों के होश उड़ गए और उन्होंने अनहोनी की आशंका को भांपते हुए तुरंत अपार्टमेंट के सुरक्षा गार्ड को इसकी सूचना दी।
गार्ड ने बचा लिया था, लेकिन चाबी के बहाने दोबारा गए ऊपर
सूचना मिलते ही सुरक्षा गार्ड ने तत्परता दिखाई और दौड़कर 17वीं मंजिल पर पहुंचा। गार्ड ने सदारंगानी को काफी समझाया-बुझाया और उन्हें सुरक्षित नीचे ले आया लेकिन, शायद सदारंगानी ने मन पक्का कर लिया था। नीचे आने के बाद उन्होंने सुरक्षा गार्ड से झूठ बोला कि उनकी ‘चाबी ऊपर ही रह गई है’। गार्ड उनकी बातों में आ गया। चाबी लाने के बहाने वह दोबारा 17वीं मंजिल पर गए और वहां से नीचे छलांग लगा दी। इतनी ऊंचाई से गिरने के कारण उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
रहस्य से पर्दा उठाने में जुटी पुलिस
दिनदहाड़े हुई इस आत्महत्या की खबर मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि आखिर इतने बड़े व्यवसायी को ऐसा आत्मघाती कदम क्यों उठाना पड़ा। पुलिस परिवार के सदस्यों और करीबियों से भी पूछताछ कर रही है ताकि तनाव या किसी अन्य कारण का पता लगाया जा सके।