कृष्णानगर : नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास) कृष्णानगर एवं पंजाब नैशनल बैंक के तत्वावधान में पीएनबी, नदिया मंडल कार्यालय के सभागार में एकदिवसीय राजभाषा तकनीकी कार्यशाला एवं संगोष्ठी का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में नराकास कृष्णानगर से जुड़े विभिन्न सदस्य कार्यालयों के प्रतिनिधि, राजभाषा अधिकारी, संपर्क अधिकारी, राजभाषा प्रभारी तथा अन्य प्रतिनिधि सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यशाला का संचालन करते हुए नराकास के सदस्य सचिव श्री संजय प्रसाद गोंड ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। नराकास कृष्णानगर के अध्यक्ष ने अपने संबोधन में समिति के उद्देश्यों, उपलब्धियों तथा निरंतर प्रगति के लिए सामूहिक सहभागिता की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यशाला के मुख्य अतिथि राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय, भारत सरकार के क्षेत्रीय कार्यान्वयन कार्यालय (पूर्व क्षेत्र) से अनुसंधान अधिकारी श्री ओमप्रकाश प्रसाद रहे। उन्होंने राजभाषा विभाग के पोर्टल, सूचना प्रबंधन प्रणाली में पंजीकरण तथा ऑनलाइन तिमाही प्रगति रिपोर्ट भरने की प्रक्रिया को विस्तारपूर्वक समझाया। साथ ही राजभाषा अधिनियम की धारा 3(3), नियम 5 की अनिवार्यता को रेखांकित किया और भारत सरकार के राजभाषा विभाग द्वारा जारी वार्षिक कार्यक्रम की बिंदुवार जानकारी दी।
उन्होंने बहुभाषी अनुवाद सारथी एवं कंठस्थ 3.0 जैसे तकनीकी टूल्स के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि ये राजभाषा कार्यान्वयन, अनुवाद प्रक्रिया तथा कार्यालयी कार्यों में अत्यंत उपयोगी हैं। कार्यालय स्तर पर टिप्पणी लेखन एवं अनुवाद की व्यावहारिक उपयोगिता पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम के अंत में नराकास अध्यक्ष श्री ब्रजमोहन पंडा ने सभी सदस्यों को धन्यवाद देते हुए राजभाषा के प्रभावी कार्यान्वयन में सामूहिक योगदान के लिए बधाई दी। सदस्य सचिव श्री गोंड ने नराकास की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए फरवरी–मार्च 2026 में प्रस्तावित आयोजनों में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया। धन्यवाद ज्ञापन राजा साव, सहायक प्रबंधक (राजभाषा), इंडियन बैंक, अंचल कार्यालय, चिंसुरा द्वारा किया गया।