हल्दियाः हल्दिया के सुताहाटा थाना क्षेत्र के घोषेर मोड़ इलाके में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। स्टेट हाईवे पर चलती बस और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार कम से कम दस यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के मुताबिक, यह हादसा बालूघाटा-कुंकराहाटी रोड पर हुआ। बाइक पर सवार मृतकों की पहचान अरूप मंडल (52), प्रतिमा मंडल (45) और सुजीता मंडल (13) के रूप में हुई है। तीनों सुताहाटा थाना क्षेत्र के कृष्णानगर इलाके के रहने वाले थे।
कैसे हुआ हादसा
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 10:45 बजे कुंकराहाटी की ओर जा रही एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित हो गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बस के स्टीयरिंग में मैकेनिकल खराबी आ गई थी, जिससे ड्राइवर का नियंत्रण हट गया। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक को बस ने जोरदार टक्कर मार दी।
बाइक पर चालक समेत तीन लोग सवार थे और बताया जा रहा है कि किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों बाइक से उछलकर सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
बस यात्रियों को भी आई गंभीर चोटें
हादसे में बस के भीतर बैठे कई यात्री भी घायल हो गए। कुल दस यात्रियों के घायल होने की पुष्टि हुई है, जिनमें से पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को इलाज के लिए तमलूक अस्पताल ले जाया गया, जबकि अन्य पांच घायलों को हल्दिया उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को बस से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही सुताहाटा पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बस और बाइक को जब्त कर लिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि बस की रफ्तार कितनी थी, स्टीयरिंग फेल होने के अलावा कोई और तकनीकी खराबी तो नहीं थी और बस की नियमित मेंटेनेंस हुई थी या नहीं।
पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।