🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

विद्यासागर विश्वविद्यालय में होगा पूर्वी क्षेत्र अंतर-विश्वविद्यालय महिला फुटबॉल टूर्नामेंट

महिला फुटबॉल को बढ़ावा देने के लिए मिदनापुर में बड़ा अंतर-विश्वविद्यालय आयोजन

By रजनीश प्रसाद

Feb 05, 2026 18:59 IST

मिदनापुर : विद्यासागर विश्वविद्यालय, मिदनापुर वर्ष 2025-26 के पूर्वी क्षेत्र अंतर-विश्वविद्यालय महिला फुटबॉल टूर्नामेंट की मेजबानी करने जा रहा है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता भारतीय विश्वविद्यालय संघ (एआईयू) के तत्वावधान में आयोजित की जाएगी जिसमें पूर्वी क्षेत्र के कई प्रमुख विश्वविद्यालयों की टीमें भाग लेंगी।

टूर्नामेंट में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, कलकत्ता विश्वविद्यालय, मणिपुर विश्वविद्यालय, डिब्रूगढ़ विश्वविद्यालय सहित अन्य नामी विश्वविद्यालयों की महिला फुटबॉल टीमें अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। प्रतियोगिता का उद्घाटन 8 फरवरी 2026 को विद्यासागर विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रोफेसर दीपक कुमार कर द्वारा किया जाएगा।

यह अंतर-विश्वविद्यालयीय महिला फुटबॉल प्रतियोगिता 9 फरवरी से 13 फरवरी 2026 तक चलेगी। टूर्नामेंट के सभी मैच मिदनापुर के दो प्रमुख खेल स्थलों - खुदीराम बोस क्रीडांगन, विद्यासागर विश्वविद्यालय परिसर तथा श्री अरविंद स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे। आयोजन को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन और खेल विभाग की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

इस टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य महिला फुटबॉल को बढ़ावा देना और विश्वविद्यालय स्तर पर उभरती हुई प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करना है। प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभावान खिलाड़ियों की पहचान कर उनके खेल कौशल और तकनीकी दक्षता को निखारने का प्रयास किया जाएगा। इसके साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर अंतर-विश्वविद्यालयीय खेल संस्कृति और खेल उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करना भी इस आयोजन का अहम लक्ष्य है।

विद्यासागर विश्वविद्यालय के इस आयोजन से न केवल महिला खेलों को नई पहचान मिलने की उम्मीद है बल्कि मिदनापुर क्षेत्र में खेल गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। खेल प्रेमियों और छात्र-छात्राओं में इस टूर्नामेंट को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।

Prev Article
फिर मैच बहिष्कार की राह पर रोनाल्डो? जन्मदिन पर बढ़ी अल नासर छोड़ने की अटकलें

Articles you may like: