लिस्बन: बुधवार रात यूईएफए चैंपियंस लीग के लीग चरण का अंतिम मैच-डे खेला गया। सबसे ज्यादा चर्चा रियल मैड्रिड बनाम बेनफिका मुकाबले की रही, जहां 4-2 से जीत दर्ज कर बेनफिका ने प्ले-ऑफ में जगह बना ली। अन्य मुकाबलों में भी फुटबॉल प्रेमियों को रोमांचक मैच देखने को मिले। कोपेनहेगन के खिलाफ पिछड़ने के बावजूद बार्सिलोना ने 4-1 से शानदार जीत दर्ज की और शीर्ष आठ में अपनी जगह पक्की की। लिवरपूल ने कराबाग को 6-0 से करारी शिकस्त दी। वहीं चेल्सी और आर्सेनल ने बेहद कड़े मुकाबलों में जीत हासिल की। हालांकि न्यूकैसल के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेलने के बाद पीएसजी सीधे अंतिम 16 में पहुंचने का मौका गंवा बैठा।
शीर्ष आठ में जगह बनाने के लिए बार्सिलोना के लिए कोपेनहेगन के खिलाफ जीत जरूरी थी। घरेलू मैदान पर चार मिनट के भीतर ही टीम पिछड़ गई लेकिन दूसरे हाफ में चार गोल दागकर हांसी फ्लिक की टीम ने मैच अपने नाम कर लिया। गोल करने वालों में रॉबर्ट लेवांडोव्स्की, लामिन यामाल, राफिन्हा और मार्कस रैशफोर्ड शामिल रहे। लिवरपूल ने कराबाग के खिलाफ 6-0 से बड़ी जीत दर्ज की। मैक एलिस्टर ने दो गोल किए, जबकि सलाह, एकितिके और विर्ट्ज ने भी गोल दागे। एक अन्य मुकाबले में इंटर मिलान ने बोरूसिया डॉर्टमुंड को 2-0 से हराया। मैनचेस्टर सिटी ने भी आसान जीत दर्ज करते हुए हाॅलांड और चेर्की के गोल की मदद से गालतासराय को मात दी।
पीएसजी शीर्ष आठ में जगह बनाने में नाकाम रहा। न्यूकैसल के खिलाफ मैच की शुरुआत में ही उस्मान डेम्बेले ने पेनल्टी गंवा दी। इसके बावजूद आठवें मिनट में वितिन्हा के गोल से पीएसजी ने बढ़त बनाई लेकिन पहले हाफ के अंत से पहले जो विलॉक ने न्यूकैसल के लिए बराबरी का गोल कर दिया। अब पिछली बार की चैंपियन रही पीएसजी को प्ले-ऑफ खेलना होगा। कड़े मुकाबलों के बाद चेल्सी और आर्सेनल ने जीत हासिल की। चेल्सी ने नापोली को 3-2 से हराया, जिसमें जोआओ पेद्रो ने दो गोल किए। वहीं काइरात अल्माटी को आर्सेनल के खिलाफ कड़ी टक्कर के बाद 2-3 से हार का सामना करना पड़ा।
इसके अलावा बोडो ग्लिम्ट ने चौंकाते हुए एटलेटिको मैड्रिड को 2-1 से हरा दिया। बायर्न म्यूनिख ने पीएसवी के खिलाफ 2-1 से जीत दर्ज की। अंक तालिका की शीर्ष आठ टीमें सीधे अंतिम 16 में पहुंचेंगी, जबकि अगली 16 टीमें शेष आठ स्थानों के लिए प्ले-ऑफ खेलेंगी।