मेक्सिको: FIFA वर्ल्ड कप से पहले मेक्सिको की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सेंट्रल मेक्सिको के गुआनाजुआतो में रविवार को एक लोकल फुटबॉल मैच के दौरान गोलीबारी हुई, जिसमें 11 लोग मारे गए और 12 घायल हो गए। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि घटना सलामांका शहर में हुई।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, मौके पर 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति हॉस्पिटल में मृत घोषित किया गया। घायल लोगों का इलाज स्थानीय अस्पतालों में किया जा रहा है। पुलिस ने हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है, हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमला किसने किया।
घटना स्थल के पास चार बैग में इंसानी कंकाल भी मिले हैं। यह घटना पिछले कुछ हफ्तों में हुई उन घटनाओं की निरंतरता मानी जा रही है, जब मेक्सिको में स्टेडियम के पास और आसपास के क्षेत्रों में इंसानी अंगों के बैग बरामद किए गए थे।
मेक्सिको के एस्टाडियो एकारोन स्टेडियम के आसपास इस महीने कई जगहों से कुल 456 बैग में इंसानी अंग मिले हैं। यह स्टेडियम 2026 वर्ल्ड कप के लिए चुना गया है, जिसमें चार मैच खेले जाएंगे। स्टेडियम के आस-पास के इलाके, लास अगुआस, अरोयो होंडो और लोमास डेल रिफ्यूजियो के इलाकों में भी शरीर के अंग पाए गए।
गुआनाजुआतो मेक्सिको के सबसे खतरनाक राज्यों में से एक है। यह राज्य कई फैक्ट्रियों और पर्यटक स्थलों के लिए जाना जाता है। पिछले कुछ वर्षों में यह इलाका बार-बार एंटी-सोशल ग्रुप्स और माफिया गतिविधियों के कारण अशांत रहा है। स्थानीय प्रशासन की चिंता है कि वर्ल्ड कप के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करना चुनौतीपूर्ण होगा।
इस घटना ने मेक्सिको में बड़े पैमाने पर सुरक्षा इंतजामों और वर्ल्ड कप से पहले तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।