टोक्यो : जापान के उत्तरी हिस्सों में पिछले दो हफ्तों से हो रही भारी बर्फबारी ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। लगातार गिरती बर्फ की वजह से सड़कें बंद हो गई हैं और पूरे देश में अब तक दर्जनों में लोगों की मौत हो चुकी है। बुधवार तक जापान के 15 प्रांत इसकी चपेट में आ चुके हैं। सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में 2 मीटर (करीब 6.5 फीट) तक बर्फ की मोटी परत जम गई है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आर्कटिक से आने वाली तीव्र ठंडी हवाओं के लंबे समय तक सक्रिय रहने से जापान में अत्यधिक बर्फबारी हुई। हालात इतने खराब हैं कि 1700 से ज्यादा घरों की बिजली गुल हो गई है और कई जगहों सहित आओमोरी प्रांत में बुलेट ट्रेन समेत अधिकांश ट्रेन सेवाएं ठप हैं।
आओमोरी के गवर्नर सोइचिरो मियाशिता ने बताया कि कई सड़कों के पूरी तरह बंद हो जाने का खतरा है। उन्होंने कहा कि एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी आपात सेवाओं को रास्ता देने के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। कुछ जगहों पर आपात वाहन आगे नहीं बढ़ पाए, तो डॉक्टर और राहतकर्मी स्ट्रेचर लेकर पैदल ही मरीजों तक पहुंचे।
भारी बर्फ के कारण आओमोरी शहर में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। जिससे हजारों बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हुई है। स्थानीय लोग अपने घरों की छत से बर्फ हटाने की कोशिश में फिसलकर गिर गए। जिससे देशभर में अब तक 35 मौतें और सैकड़ों चोटों की घटनाएं सामने आई है।
निगाता प्रांत में सबसे ज्यादा 12 मौतें दर्ज की गई हैं। इनमें एक व्यक्ति अपने घर की छत पर बेहोश हालत में मिला, जबकि एक 70 वर्षीय व्यक्ति की छत से गिरने के बाद मौत हो गई। जापान सरकार के मुख्य प्रवक्ता मिनोरु किहारा ने चेतावनी दी है कि मौसम भले ही थोड़ा गर्म हो रहा हो, लेकिन खतरा अभी टला नहीं है। बर्फ पिघलने से भूस्खलन और फिसलन जैसी नई समस्याएं पैदा हो सकती हैं।
पूरे देश में अब तक 393 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 126 की हालत गंभीर बताई जा रही है। कई घरों को भी नुकसान पहुंचा है। मौसम विभाग ने आने वाले सप्ताहांत में उत्तरी जापान में और भारी बर्फबारी की चेतावनी दी है। जिससे हालात और बिगड़ सकते हैं।