वॉशिंगटन डी सी : वर्जीनिया के एक व्यक्ति को अपनी पत्नी और एक अन्य व्यक्ति की हत्या के मामले में दोषी ठहराया गया है। यह मामला पूरी तरह चर्चा में रहा क्योंकि अभियुक्त का परिवार की ब्राजीलीयन ‘ऑ पेयर’ (बच्चों की देखभाल करने वाली) के साथ अवैध संबंध था। अभियोजन पक्ष के अनुसार पूरे मामले को एक सोची-समझी साजिश के तहत अंजाम दिया गया।
अभियुक्त ब्रेंडन बैनफील्ड, जो पहले आईआरएस में कानून प्रवर्तन अधिकारी था। उसने पुलिस को बताया था कि 24 फरवरी 2023 की सुबह उसने जोसेफ रयान को अपनी पत्नी क्रिस्टीन बैनफील्ड पर चाकू से हमला करते हुए देखा। इसके बाद उसने रयान को गोली मार दी और फिर ऑ पेयर जुलियाना मैगाल्हेस ने भी रयान पर गोली चलाई।
हालांकि अदालत में सरकारी वकीलों ने कहा कि यह कहानी सच नहीं है। उनके अनुसार बैनफील्ड ने अपनी पत्नी को रास्ते से हटाने के लिए रयान को जानबूझकर घर बुलाया था और उसे फंसाया गया। बाद में यह भी सामने आया कि बैनफील्ड और जुलियाना मैगाल्हेस के बीच प्रेम संबंध थे।
यह दोहरी हत्या का मामला अपनी क्रूरता और जटिलता के कारण ब्राजील, अमेरिका और अन्य देशों की मीडिया में भी सुर्खियों में रहा।
जुलियाना मैगाल्हेस ने 2024 में गैर-इरादतन हत्या का दोष स्वीकार कर लिया था और मुकदमे में अपने पूर्व प्रेमी बैनफील्ड के खिलाफ गवाही दी। उसने बताया कि दोनों ने मिलकर एक वेबसाइट पर क्रिस्टीन बैनफील्ड का फर्जी प्रोफाइल बनाकर यौन रुचियों से जुड़ी बातचीत की और उसी के जरिए रयान को चाकू से जुड़े एक यौन संबंध के बहाने घर बुलाया गया। बाद में पूरे दृश्य को ऐसा दिखाने की कोशिश की गई जैसे किसी घुसपैठिए ने पत्नी पर हमला किया हो।
बचाव पक्ष के वकील जॉन कैरोल ने दलील दी कि जुलियाना की गवाही पर भरोसा नहीं किया जा सकता, क्योंकि वह लंबी सजा से बचने के लिए अभियोजन पक्ष का साथ दे रही है। खुद बैनफील्ड ने भी अपनी गवाही में इस कहानी को पूरी तरह पागलपन बताया।
वकील ने यह भी कहा कि पुलिस विभाग के भीतर इस मामले की जांच को लेकर मतभेद थे। एक अधिकारी, जिसने डिजिटल सबूतों के आधार पर माना था कि सोशल मीडिया अकाउंट खुद क्रिस्टीन चला रही थीं, बाद में उसका तबादला कर दिया गया। बचाव पक्ष का दावा है कि यह तबादला वरिष्ठ अधिकारियों की थ्योरी से असहमति के कारण किया गया।
वहीं सरकारी वकील जेना सैंड्स ने कहा कि बैनफील्ड सोशल मीडिया और ऐसी वेबसाइटों से अनजान नहीं था। उन्होंने अदालत में पूछा कि क्या उसके कई अफेयर थे, जिनमें से एक ऐसी महिला के साथ था जिससे वह एक खास वेबसाइट पर मिला था। इस पर बैनफील्ड ने कहा कि वह उसे फेटिश साइट नहीं कहेगा, बल्कि उसने एक ऐसे रिश्ते की बात मानी जिसमें सामने वाला जानता था कि वह शादीशुदा है।
अंतिम बहस में अभियोजन पक्ष ने कहा कि जूरी को केवल जुलियाना की गवाही पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं है, क्योंकि सबूतों की तो भरमार है। इसमें विशेषज्ञों की वह रिपोर्ट भी शामिल थी, जिसमें बताया गया कि रयान के हाथों पर मिले खून के धब्बे इस ओर इशारा करते हैं कि क्रिस्टीन का खून ऊपर से उस पर टपका था।
जूरी ने दो दिनों में करीब नौ घंटे तक विचार-विमर्श के बाद फैसला सुनाया। अब ब्रेंडन बैनफील्ड को आजीवन कारावास तक की सजा हो सकती है। उसकी सजा पर सुनवाई 8 मई को तय है। वहीं, जुलियाना मैगाल्हेस की सजा पर फैसला बाद में होना है और संभव है कि समय पूरी हो जाने पर उसे रिहा कर ब्राजील वापस भेज दिया जाए।