वाशिंगटनः अमेरिका के न्याय विभाग ने यौन अपराधी जेफ़्री एपस्टीन से संबंधित लगभग 30 लाख से अधि क नए दस्तावेज़ सार्वजनिक किए हैं। इन्हीं में भारतीय मूल की निर्देशक मीरा नायर का नाम सामने आया है। देश-विदेश में कई पुरस्कार जीत चुकीं मीरा नायर न्यूयॉर्क के मेयर ज़ोहरान मामदानी की मां भी हैं। एपस्टीन दस्तावेज़ों में उनकी एक फ़िल्म की सक्सेस पार्टी का ज़िक्र किया गया है। सवाल है-उस पार्टी में क्या हुआ था?
साल 2009 में महिला पायलट अमेलिया इयरहार्ट के जीवन पर आधारित बायोग्राफ़िकल ड्रामा फ़िल्म ‘अमेलिया’ रिलीज़ हुई थी। इस फ़िल्म की निर्देशक मीरा नायर थीं। फ़िल्म की सक्सेस पार्टी अंतरराष्ट्रीय यौन तस्करी कांड की प्रमुख अभियुक्त घिसलेन मैक्सवेल ने दी थी। वह जेफ़्री एपस्टीन की करीबी और उसके प्रबंधन से जुड़ी हुई थीं। वर्ष 2021 में उन्हें दोषी ठहराया गया था और फिलहाल वह अमेरिकी संघीय जेल में बंद हैं।
एपस्टीन दस्तावेज़ों के अनुसार 21 अक्टूबर 2009 को घिसलेन मैक्सवेल ने अपने टाउनहाउस में मीरा नायर की फ़िल्म की सक्सेस पार्टी आयोजित की थी। उस पार्टी में मीरा नायर भी मौजूद थीं। जनसंपर्क विशेषज्ञ पेगी सिगल ने एपस्टीन को भेजे एक ईमेल में लिखा, “अभी-अभी घिसलेन के टाउनहाउस से निकली हूँ… फ़िल्म की आफ्टर पार्टी।” उन्होंने यह भी बताया कि उस पार्टी में दुनिया की कई नामी हस्तियाँ मौजूद थीं-जिनमें बिल क्लिंटन, जेफ़ बेज़ोस और मीरा नायर शामिल थे।
पेगी सिगल ने यह भी साफ़ कहा कि उन्हें फ़िल्म ज़्यादा पसंद नहीं आई। ईमेल में उन्होंने लिखा, “फ़िल्म को दर्शकों से खास प्रतिक्रिया नहीं मिली, लेकिन महिलाओं को यह काफ़ी पसंद आ रही है।” उल्लेखनीय है कि ‘अमेलिया’ फ़िल्म में मुख्य भूमिका हिलेरी स्वैंक ने निभाई थी और उनके पति जॉर्ज पुटनम की भूमिका में रिचर्ड गियर थे। घिसलेन की पार्टी में उन्हें भी न्योता दिया गया था, लेकिन वे नहीं गए। यह जानकारी खुद पेगी सिगल ने दी।
मीरा नायर का जन्म भारत में हुआ था और वे ओडिशा के राउरकेला में पली-बढ़ीं। बाद में वे अमेरिका चली गईं और वर्तमान में न्यूयॉर्क में रहती हैं। ‘सलाम बॉम्बे’, ‘मॉनसून वेडिंग’ और ‘द नेमसेक’ जैसी कालजयी फ़िल्मों की निर्देशक मीरा नायर ने कान फ़िल्म महोत्सव में गोल्डन कैमरा और वेनिस फ़िल्म महोत्सव में गोल्डन लायन जीतने वाली पहली महिला निर्देशक के रूप में इतिहास रचा है।
शुक्रवार को अमेरिकी न्याय विभाग ने एपस्टीन फ़ाइल से जुड़े 30 लाख पन्नों के दस्तावेज़ सार्वजनिक किए। इनमें 2000 वीडियो और 1 लाख 80 हज़ार तस्वीरें शामिल हैं। इससे पहले जारी दस्तावेज़ों में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन का नाम भी सामने आ चुका है। नए दस्तावेज़ों में भी ट्रंप–इज़राइल संबंधों को लेकर कई विस्फोटक दावे किए गए हैं, जिससे अमेरिकी राजनीति में हड़कंप मच गया है।
गौरतलब है कि ट्रंप ने एपस्टीन के साथ दोस्ती की बात से इनकार नहीं किया है, लेकिन उनका दावा है कि उन्हें एपस्टीन के यौन अपराधों की रत्ती भर भी जानकारी नहीं थी। वर्ष 2008 में एपस्टीन के खिलाफ नाबालिग के साथ बलात्कार, तस्करी समेत कई गंभीर आरोपों में मामला दर्ज हुआ था। अगस्त 2019 में उन्हें गिरफ़्तार किया गया और लगभग एक महीने के भीतर जेल में ही उन्होंने आत्महत्या कर ली।