कीव: रूस ने रातभर यूक्रेन पर बड़ा हमला करते हुए करीब 450 लंबी दूरी के ड्रोन और 70 तरह-तरह की मिसाइलें दागीं। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने मंगलवार को यह जानकारी दी। यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब एक दिन बाद अमेरिका की मध्यस्थता में अबू धाबी में रूस-यूक्रेन वार्ता होनी है, जिसका उद्देश्य करीब चार साल से जारी युद्ध को खत्म करने के रास्ते तलाशना है।
जेलेंस्की के मुताबिक, यूक्रेन के कम से कम पांच इलाकों में हमले किए गए, जिनका मुख्य निशाना बिजली ग्रिड था। रूस की कोशिश है कि भीषण ठंड के बीच आम लोगों को बिजली, हीटिंग और पानी से वंचित रखा जाए। अधिकारियों के अनुसार, इन हमलों में कम से कम 10 लोग घायल हुए हैं। जेलेंस्की ने कहा कि सर्दियों के सबसे ठंडे दिनों में लोगों को डराना रूस के लिए कूटनीति से ज्यादा अहम है। उन्होंने अपने सहयोगी देशों से और ज्यादा एयर डिफेंस सिस्टम भेजने और रूस पर अधिकतम दबाव बनाने की अपील की।
एपी की रिपोर्ट के अनुसार, रूस ने फरवरी 2022 में यूक्रेन पर पूर्ण पैमाने पर हमला शुरू किया था। हाल के महीनों में रूस लगातार यूक्रेन की बिजली व्यवस्था को निशाना बना रहा है। यूक्रेन की सबसे बड़ी निजी बिजली कंपनी डीटीईके ने बताया कि अक्टूबर के बाद यह उनके थर्मल पावर प्लांट्स पर नौवां बड़ा हमला है। राजधानी कीव में कई रिहायशी इमारतों, एक किंडरगार्टन और एक पेट्रोल पंप को नुकसान पहुंचा। कीव के मेयर विताली क्लिचको के अनुसार, सुबह तक 1,170 अपार्टमेंट इमारतों में हीटिंग बंद रही। हमलों से खारकीव और ओडेसा क्षेत्रों में भी नुकसान हुआ। इसके अलावा, कीव स्थित द्वितीय विश्व युद्ध के इतिहास से जुड़े राष्ट्रीय संग्रहालय के हॉल ऑफ फेम को भी क्षति पहुंची। यूक्रेन की संस्कृति मंत्री ने इसे प्रतीकात्मक और बेहद निंदनीय बताया।