🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

डिलीवरी बॉय के पास से पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद, आर्म्स एक्ट में केस दर्ज

सोशल मीडिया निगरानी में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हथियार सप्लायर की तलाश, बदमाश’ बनने के लिए इंस्टाग्राम पर हथियार के साथ तस्वीरें डालता था आरोपी।

By रजनीश प्रसाद

Feb 05, 2026 19:47 IST

नई दिल्ली : सोशल मीडिया पर अवैध हथियार लहराते हुए अपनी तस्वीरें पोस्ट करने के आरोप में दिल्ली के द्वारका इलाके से 19 वर्षीय एक डिलीवरी एजेंट को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से एक पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। आरोपी की पहचान ककरोला निवासी समीर के रूप में हुई है जिसे 31 जनवरी को द्वारका सेक्टर-17 से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया निगरानी के तहत चलाए जा रहे अभियान के दौरान आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। पुलिस ने हथियारों की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और मैसेजिंग ऐप्स पर पोस्ट कर लोगों में डर पैदा करने या प्रभाव जमाने वालों पर नजर रखने के लिए एक विशेष टीम तैनात की है।

इसी निगरानी के दौरान पुलिस को एक ऐसा सोशल मीडिया अकाउंट मिला, जिसमें आरोपी ने कथित तौर पर हथियार के साथ अपनी तस्वीरें पोस्ट की थीं और उन्हें प्रोफाइल तस्वीर के रूप में भी इस्तेमाल किया था। इसके बाद तकनीकी जानकारी जुटाई गई और स्थानीय सूत्रों को सक्रिय कर आरोपी का पता लगाया गया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि 31 जनवरी को समीर को द्वारका सेक्टर-17 से गिरफ्तार किया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इस मामले में शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।

पूछताछ के दौरान समीर ने पुलिस को बताया कि वह डिलीवरी बॉय का काम करता है और रात में डिलीवरी के दौरान अपनी सुरक्षा के लिए उसने मंगोलपुरी निवासी मोनू नामक व्यक्ति से यह हथियार हासिल किया था। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह अपने इलाके और दोस्तों के बीच खुद को ‘बदमाश’ के रूप में पेश करना चाहता था इसलिए इंस्टाग्राम पर हथियार के साथ तस्वीरें पोस्ट कर रहा था।

पुलिस का कहना है कि हथियार के स्रोत का पता लगाने और सप्लायर को गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं। मामले की आगे जांच की जा रही है।

Prev Article
राजस्थान के श्रीगंगानगर में हत्याकांड, पत्नी और प्रेमी सहित चार गिरफ्तार

Articles you may like: