मुंबई: मुंबई के गोरेगांव इलाके में एक बहुमंजिला आवासीय इमारत की लिफ्ट में हाइड्रोजन गुब्बारे फटने से जोरदार विस्फोट हो गया। किस्मत अच्छी रही कि लिफ्ट में मौजूद तीन लोग सुरक्षित बच गए। यह घटना सोमवार को 'अनमोल टावर्स' नामक इमारत में हुई। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग हैरान रह गए हैं।
सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति प्लास्टिक की थैली में भरे हाइड्रोजन गुब्बारे लेकर लिफ्ट में प्रवेश करता है। उस समय लिफ्ट के अंदर पहले से एक महिला और एक अन्य व्यक्ति मौजूद थे। अचानक गुब्बारे तेज धमाके के साथ फट जाते हैं। हाइड्रोजन गैस अत्यंत ज्वलनशील होने के कारण कुछ ही पलों में लिफ्ट के अंदर आग फैल जाती है। हालांकि लिफ्ट का दरवाजा खुला होने की वजह से तीनों की जान बच गई।
Often filled with highly flammable hydrogen rather than inert helium to save costs, these balloons can ignite from a simple static spark or friction.#balloon #HydrogenGas pic.twitter.com/lrUwWlyFtz
— Utpal Tiwari ( B-ve) (@tripathi_utpal) February 4, 2026
इन दिनों हाइड्रोजन गुब्बारे काफी चलन में हैं और इन्हें विभिन्न कार्यक्रमों में सजावट के लिए इस्तेमाल किया जाता है लेकिन इन गुब्बारों के भीतर मौजूद हाइड्रोजन गैस हल्की सी चिंगारी या घर्षण से भी आग पकड़ सकती है। लिफ्ट जैसी बंद जगह में इस तरह के गुब्बारे ले जाना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है।
घटना के बाद मुंबई की कई हाउसिंग सोसायटियों को सतर्क कर दिया गया है। सख्त निर्देश जारी किए गए हैं कि ज्वलनशील पदार्थ या गैस से भरे गुब्बारों को लिफ्ट में ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित होगा। भले ही इस घटना में कोई बड़ा हादसा नहीं हुई लेकिन इसने आवासीय सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।