नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस ने लॉरेंस रोड इंडस्ट्रियल एरिया, नॉर्थवेस्ट दिल्ली से एक नकली ब्रांडेड जीन्स बनाने और बेचने वाले रैकेट का पर्दाफाश किया और इस मामले में शामिल चार लोगों को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
पुलिस को मिली एक सूचना के द्वारा यह पता चला कि एक प्रतिष्ठित ब्रांड की नकली जीन्स, टैग और लेबल का बड़े पैमाने पर निर्माण कार्य जारी है। पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार इसके बाद सोमवार को लॉरेंस रोड इंडस्ट्रियल एरिया में चार जगहों पर कई छापे मारे गए, जिनमें 21 वर्षीय शादिक अनवर, 25 वर्षीय रोशन झा, 43 वर्षीय राजेश गुप्ता और 34 वर्षीय साजन कुमार को गिरफ्तार किया गया।
एक छापे के दौरान टीम ने एक ज्ञात ब्रांड की 580 नकली जीन्स जब्त की। इसके अलावा अधिकारियों से पता चला कि विभिन्न ब्रांड की 1 हजार 220 जीन्स भी जब्त की गई है। अन्य स्थान से टीम ने 1 हजार 500 से अधिक जीन्स, एक सिलाई मशीन और कई शर्टें बरामद की है।
पुलिस के अनुसार आरोपी नकली लेबल और टैग का इस्तेमाल करके ब्रांडेड जीन्स और संबंधित परिधान तैयार कर उन्हें बाजार में असली उत्पाद के रूप में बेच रहे थे। अधिकारी ने बताया इस मामले में FIR दर्ज कर ली गई है और आगे की जांच जारी है।