प्लेबैक सिंगिंग से अपने रिटायरमेंट की घोषणा के बाद से किसी न किसी वजह को लेकर अरिजीत सिंह सुर्खियों में छाए हुए हैं। कभी उनके राजनीति में शामिल होने के कयास लगाए जा रहे हैं तो कभी कोई और गायक इतनी कम उम्र में अरिजीत सिंह के रिटायर होने की वजहों का विश्लेषण करने में लगा हुआ है।
वहीं दूसरी ओर अरिजीत सिंह के मुर्शिदाबाद स्थित घर पर अचानक आमिर खान भी पहुंचे जिसने एक बार फिर से उन्हें चर्चाओं में ला दिया है। लेकिन आज हम अरिजीत सिंह के बारे में कुछ और बात करने वाले हैं बल्कि यूं कह सकते हैं कि चुपके से उनके द्वारा किया जा एक काम जिससे सबसे ज्यादा समाज और स्थानीय निवासियों को ही फायदा हो रहा है।
बॉलीवुड स्टार्स से लेकर क्रिकेटर तक, कई सेलेब्स के लग्जरी होटल व रेस्तरां चेन होने की जानकारी तो आपको जरूर होगी। लेकिन क्या आप जानते हैं अरिजीत सिंह भी पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में अपने शहर जियागंज में एक रेस्तरां चलाते हैं? यह कोई लग्जरी रेस्तरां तो नहीं है लेकिन घरेलू माहौल में यहां अच्छी गुणवत्ता और कई वेरायटी के भोजन, वह भी इतनी किफायती कीमतों पर मिलती है कि आप सोच भी नहीं सकते हैं।
The Tribune India की मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार इस रेस्तरां के देखरेख की जिम्मेदारी अरिजीत सिंह के पिता सुरिंदर सिंह उठाते हैं। इस रेस्तरां का नाम 'हेशेल' (बांग्ला में रसोई घर को हेशेल कहा जाता है) है। इस रेस्तरां की सबसे बड़ी खासियत है कि यहां स्थानीय लोगों, छात्रों, मजदूरों और वृद्धों की आर्थिक अवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक दिन के लिए पौष्टिक, स्वादिष्ट लेकिन किफायती भोजन परोसा जाता है।
मेन्यू की शुरुआत मात्र ₹40 से
मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि अरिजीत सिंह के रेस्तरां 'हेशेल' में एक सामान्य वेज थाली की कीमत मात्र ₹40 होती है जिसमें छात्रों को छूट भी दी जाती है। छूट के साथ छात्रों के लिए वेज थाली की कीमत ₹30 होती है। एक वेज थाली में दाल, चावल, दो वेज सब्जियां, भुजिया और सलाद होता है।
इसके साथ अगर कोई ग्राहक चाहे तो वह एड-ऑन करके और भी कोई आइटम शामिल कर सकता है। थाली के अलावा यहां मिलने वाले दूसरे व्यंजनों में नवरत्न कोरमा मात्र ₹80, कई तरह के पुलाव ₹150-₹200 में भी उपलब्ध है। इसके साथ ही नॉन-वेज के भी कई विकल्प जैसे चिकन कसा और मटन बिरयानी आदि भी मिल जाएंगे। सामान्य इंटिरियर वाले किसी भी आम रेस्तरां की तरह दिखने वाले इस रेस्तरां में स्टील की थाली और ग्लास में भोजन परोसा जाता है।
अगर एक दिन कुछ अलग सा अनुभव प्राप्त करना चाहते हैं और जमीन से जुड़े इस सितारे के रेस्तरां में जाना चाहते हैं तो कोलकाता से आपको लगभग 220 किलोमीटर का सफर तय करके मुर्शिदाबाद के जियागंज में पहुंचना होगा। अरिजीत सिंह का यह रेस्तरां धीरे-धीरे लोकप्रिय भी होता जा रहा है, इसलिए यहां ग्राहकों की संख्या भी अब बढ़ने की संभावना है।