🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

कब से शुरू होने वाली है चार धाम यात्रा, कैसे करेंगे रजिस्ट्रेशन? यहां जाने विस्तार से

साल में लगभग 6 माह चार धाम के मंदिर बंद रहते हैं और 6 माह मंदिर के कपाट खुले रहते हैं।

By Moumita Bhattacharya

Jan 27, 2026 20:16 IST

उत्तराखंड की केदारघाटी में होने वाली चार धाम की यात्रा 2026 जल्द ही शुरू होने वाली है। चार धाम यात्रा के दौरान लाखों की तादाद में तीर्थ यात्री केदारनाथ, ब्रद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के दर्शन करने पहुंचते हैं। हर साल इस यात्रा की शुरुआत अक्षय तृतीया के समय से होती है। इस साल कब से शुरू होने वाली है चार धाम की यात्रा?

कब से शुरू होगी चार धाम की यात्रा?

हर साल उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र में होने वाली चार धाम यात्रा को लेकर तीर्थ यात्रियों में बहुत उत्सुकता रहती है। तीर्थ यात्री केदारनाथ, ब्रद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के दर्शन करने के लिए पहुंचते हैं। हर साल सर्दी के मौसम में हिमालय की ऊंचाई पर स्थित इन चारों धामों के कपाट बंद कर दिए जाते हैं।

बाद में धीरे-धीरे एक-एक कर इन मंदिरों को श्रद्धालुओं के लिए खोला जाता है। साल में लगभग 6 माह ये मंदिर बंद रहते हैं और 6 माह मंदिर के कपाट खुले रहते हैं। आमतौर पर अप्रैल या मई के महीने में चारों मंदिर के कपाट खोले जाते हैं। वहीं सर्दियों के मौसम में अक्टूबर-नवंबर में चार धाम की यात्रा को बंद कर दिया जाता है।

आज तक की मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार इस साल चार धाम में से पहले पहले बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलेंगे। बद्रीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को तीर्थ यात्रियों के लिए खोल दिए जाएंगे। बताया जाता है कि 23 अप्रैल को सुबह 6.15 बजे शुभ मुहूर्त में बद्रीविशाल के कपाट खोल दिए जाएंगे। केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तारीख और शुभ मुहूर्त की घोषणा महाशिवरात्री वाले दिन की जाती है। वहीं गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल को खोल दिए जाएंगे।

कैसे करेंगे रजिस्ट्रेशन?

चार धाम की यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है। अगर आपने इस साल चार धाम या किसी भी एक धाम की यात्रा पर जाने का मन बनाया है तो रजिस्ट्रेशन शुरू होने के बाद अपना रजिस्ट्रेशन जरूर करवा लें।

रजिस्ट्रेशन की पूरी प्रक्रिया -

सबसे पहले registrationandtouristcare.uk.gov.in पर जाएं।

यहां अपनी सभी आवश्यक और व्यक्तिगत जानकारियां भरें।

OTP वेरिफिकेशन करवाएं।

अगले चरण में अपना चार धाम यात्रा रजिस्ट्रेशन पत्र और QR कोड डाउनलोड कर लें।

इसके अलावा तीर्थ यात्री व्हाट्स ऐप नंबर 8394833833 पर YATRA लिखकर भी रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। यहां चैट बॉट पर कुछ सवाल पूछे जाएंगे जिनका जवाब देकर आप रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। हालांकि अभी तक न तो चार धाम यात्रा शुरू होने की तारीखों की घोषणा हुई है और न ही रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हुई है।

Prev Article
भारी बर्फबारी के बाद वैष्णो देवी की यात्रा हुई स्थगित, कब से दोबारा होगी शुरू?
Next Article
जियागंज में अरिजीत सिंह का रेस्तरां 'हेशेल' : मात्र ₹40 में वेज-थाली जिसमें दी जाती है छूट भी

Articles you may like: