मंगलवार को चुनाव आयोग की फुल बेंच ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। मीडिया से बात करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार (Gyanesh Kumar) ने मीडिया से बात करते हुए एक बार फिर से दोहराया कि किसी भी परिस्थिति में वैध मतदाताओं का नाम नहीं हटाया जाएगा।
साथ ही उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के सभी मतदाता केंद्रों पर शत-प्रतिशत वेब कास्टिंग होगी। वरिष्ठ नागरिकों व दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मतदान केंद्र को ग्राउंड फ्लोर पर ही करवाने का फैसला लिया गया है।
इससे पहले मंगलवार की सुबह बेलुड़ मठ और दक्षिणेश्वर में मां काली के दर्शन करने पहुंचे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि पश्चिम बंगाल में हिंसामुक्त चुनाव करवाना ही चुनाव आयोग का एक मात्र लक्ष्य है। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि इस बार के विधानसभा चुनाव में कोई अवांछनीय घटना न घटे, ऐसी कोशिश की जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में चुनाव आयोग हिंसामुक्त व शांतिपूर्ण चुनाव करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।
सुबह के समय दक्षिणेश्वर मंदिर के सामने ज्ञानेश कुमार को तृणमूल समर्थकों के विरोध-प्रदर्शन का सामना करना पड़ा था। उन्हें काला झंडा दिखाया गया था और 'गो बैक' के नारे लगाए गए थे।
मंगलवार को मीडिया को संबोधित करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ने एक बार फिर से कहा कि हिंसा बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पूरे राज्य में 80 हजार से अधिक मतदान केंद्रों की व्यवस्था की जाएगी। किसी भी मतदान केंद्र पर 1200 से अधिक मतदाता नहीं होंगे। इसके साथ ही प्रत्येक मतदान केंद्र पर वोटर सहायता केंद्र भी बनाया जाएगा ताकि वरिष्ठ, दिव्यांग और अन्य मतदाताओं को किसी भी प्रकार की समस्या न हो।
अगर किसी मतदाता को वोटिंग मशीन (EVM) पर शक होता है और उसकी जांच करना चाहे तो चुनाव आयोग इसकी व्यवस्था भी कर देगा। चुनाव आयुक्त ने बताया कि मतदान कर्मी हर 2 घंटे में मतदान का प्रतिशत बताएंगे। इसके साथ ही मतगणना के दिन अगर कोई उम्मीदवार EVM की जांच करना चाहेगा तो उसे भी EVM दिखाया जाएगा।
मतदाता केंद्र पर मोबाइल लेकर प्रवेश करने को लेकर सख्ती बरती जाएगी। मीडिया से बात करते हुए ज्ञानेश कुमार ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति सोशल मीडिया पर फर्जी खबरें फैलाता है तो उसके खिलाफ कड़ी व्यवस्था की जाएगी। चुनाव के समय मतदान केंद्र में मोबाइल रखने की जगह होगी।
अगर कोई मतदाता भुलवश मतदान केंद्र पर मोबाइल लेकर जाता है तो वह अपना मोबाइल मतदान केंद्र पर जमा रखकर वोट दे सकेगा। वोट देकर बाहर निकलकर अपना मोबाइल वापस लेकर वोटर घर जा सकेगा। इसके साथ ही ज्ञानेश कुमार ने सभी मतदाताओं से अनुरोध किया कि विधानसभा चुनाव 2026 शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हो, इसे सुनिश्चित किया जाए।