पिछले दिनों जानलेवा दुर्घटना का शिकार बने यूट्यूबर अनुराग डोभाल उर्फ UK07 राइडर अस्पताल में ICU में भर्ती हैं। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि जिस कार दुर्घटना का वह शिकार बने थे वह हादसा था या आत्महत्या की कोशिश की। अनुराग डोभाल विवादित वीडियो बनाने के लिए काफी चर्चित रहे हैं।
पिछले कुछ समय से अपने परिवार के साथ उनके तनावपूर्ण रिश्तों और आरोप-प्रत्यारोप भी सोशल मीडिया पर खूब छाया हुआ था। अनुराग ने अपने परिवार पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए थे। साथ ही चेतावनी भी दी थी कि अगर उन्हें कुछ भी हुआ तो इसके जिम्मेदार उनके माता-पिता होंगे।
इस बीच दावा किया जा रहा है कि अनुराग डोभाल और उनकी पत्नी रितिका चौहान को उनके पिता ने अपनी संपत्ति और परिवार से बेदखल कर दिया है। सोशल मीडिया पर समाचार पत्र में छपा एक विज्ञापन (जिसकी पुष्टि समाचार एई समय ने नहीं की है) तेजी से वायरल हो रहा है।
इस विज्ञापन के मुताबिक अनुराग डोभाल के पिता जगदम्बा प्रसाद डोभाल ने सार्वजनिक रूप से अपने बेटे व बहू को संपत्ति से बेदखल करते हुए उनसे सभी रिश्ते तोड़ दिए हैं। इस विज्ञापन में साफ लिखा है कि भविष्य में उनके किसी भी कृत्य के लिए परिवार जिम्मेदार नहीं होगा।
गौरतलब है कि अनुराग डोभाल ने अपने एक वीडियो में परिवार पर आरोप लगाया था कि उनकी इंटर-कास्ट शादी की वजह से मानसिक रूप से उन्हें परिवार व रिश्तेदारों द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा है। शादी के बाद परिवार ने उन्हें स्वीकार नहीं किया है। डोभाल ने कहा था कि उन्हें न ही माता-पिता का प्यार मिला, न भाई का सहयोग और न ही पत्नी का समर्थन।
इसके बाद ही दिल्ली-देहरादून हाईवे पर लगभग 150 किलोमीटर की रफ्तार से गाड़ी भगाते हुए डिवाइडर से टकराकर वह भयानक दुर्घटना का शिकार बन गए थे। गौर करने वाली बात थी कि जिस समय यह हादसा हुआ तब वह सोशल मीडिया पर लाइव स्ट्रिम कर रहे थे। उनके फैंस ने लाइव पर ही उन्हें दुर्घटना का शिकार बनते हुए देखा था।
इसके बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया। बताया जाता है कि उनको गंभीर चोट आयी हैं और कई हड्डियां टूट गयी हैं। फिलहाल वह अस्पताल में ICU में इलाजरत हैं। इस बीच कथित तौर पर उनके पिता द्वारा समाचार पत्र में छपवाया गया यह विज्ञापन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।