भारतीय म्यूज़िक इंडस्ट्री के मशहूर रैपर और सिंगर बादशाह अपने एक गाने के वीडिया एलबम को लेकर विवाद में फंस गये हैं। बादशाह का असली नाम आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया है। उन्होंने हिंदी, पंजाबी और हरियाणवी गानों के जरिए देश-विदेश में पहचान बनाई है। अपने हिप-हॉप और पॉप स्टाइल के लिए जाने जाने वाले बादशाह कई सुपरहिट गाने दे चुके हैं और अक्सर हरियाणा की बोली और संस्कृति को अपने संगीत में शामिल करते हैं। वह खुद को गर्व से हरियाणवी बताते हैं और कहते हैं कि उनकी पहचान, भाषा और रहन-सहन हरियाणा से ही जुड़ा हुआ है।
‘टटेरी’ गाने से कैसे शुरू हुआ विवाद
मार्च 2026 में बादशाह का नया हरियाणवी गाना “टटेरी” रिलीज़ हुआ जो विवादों में घिर गया। आरोप लगे हैं कि इस गाने के बोल और वीडियो में ऐसे शब्द और दृश्य हैं, जो महिलाओं और लड़कियों के प्रति आपत्तिजनक हैं। वीडियो में स्कूल ड्रेस पहनी लड़कियां अपने बैग फेंककर पढ़ाई से भागती हुई, हरियाणा रोडवेज की बस में नाचती हुई और आपत्तिजनक इशारे करती हुई दिखाई दे रही हैं। इस पर लोगों ने आपत्ति जताते हुए कहा कि इसमें शिक्षा और स्कूल के माहौल को गलत तरीके से दिखाया गया है। गाने में इस्तेमाल किए गए कुछ शब्द भी कई लोगों को असभ्य और अनुचित लगे हैं जिससे मामला तेजी से तूल पकड़ने लगा।
पुलिस ने केस दर्ज, यूट्यूब से गाना हटा
विवाद बढ़ने के बाद हरियाणा पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए बादशाह के खिलाफ पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित साइबर पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि गाने में महिलाओं और लड़कियों के प्रति अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया है, इसलिए कानूनी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बादशाह के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है और उन्हें पूछताछ के लिए पेश होने का नोटिस भेजा गया है। पंचकूला पुलिस ने इस गाने को यूट्यूब से हटवा दिया है और अन्य सोशल मीडिया से भी वीडियो हटाने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। गाने से जुड़े रील्स और शॉर्ट वीडियो भी हटाने के प्रयास जारी हैं।
बादशाह ने दी सफाई और माफी मांगी
विवाद बढ़ने के बाद बादशाह ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो जारी कर अपनी सफाई दी। उन्होंने कहा कि गाने की लिरिक्स और वीडियो से अगर लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं तो उन्हें इसका दुख है। वह खुद हरियाणा से हैं और कभी भी हरियाणा की किसी लड़की, महिला या बच्चे के बारे में अपमानजनक तरीके से बात करने का उनका कोई इरादा नहीं था।
बादशाह ने यह भी कहा कि हिप-हॉप संगीत में अक्सर प्रतिस्पर्धा और चुनौती वाली भाषा का इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन इसका मतलब किसी महिला या बच्चे का अपमान करना नहीं होता। उन्होंने लोगों से माफी मांगते हुए कहा कि उन्हें हरियाणा का बेटा समझकर माफ कर दिया जाए।
जांच में सामने आईं और भी बातें
जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि गाने के वीडियो में हरियाणा रोडवेज की जिंद डिपो की एक बस दिखाई गई है। पुलिस यह जांच कर रही है कि क्या इस बस को वीडियो में इस्तेमाल करने के लिए संबंधित विभाग से अनुमति ली गई थी या नहीं। वीडियो में एक सरकारी स्कूल का परिसर भी दिखाया गया है और यह भी देखा जा रहा है कि वहां शूटिंग के लिए आधिकारिक अनुमति ली गई थी या नहीं। यदि बिना अनुमति के इन जगहों का इस्तेमाल किया गया होगा तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ अलग से कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
नेताओं और महिला आयोग की कड़ी प्रतिक्रिया
इस विवाद पर हरियाणा के कई नेताओं और अधिकारियों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने कहा कि इस तरह की भाषा हरियाणा की बेटियों का अपमान है और इसे किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने बादशाह को 13 मार्च को आयोग के सामने पेश होने के लिए समन भेजा है। आयोग ने चेतावनी दी है कि अगर वह पेश नहीं होते हैं तो हरियाणा में उनके कार्यक्रम नहीं होने दिए जाएंगे।
हरियाणा के मंत्री महिपाल ढांडा नेइस गाने की आलोचना करते हुए कहा कि इस तरह के गीत राज्य की संस्कृति को खराब करते हैं। जैसे ही मामला सामने आया, सरकार ने तुरंत सख्त रुख अपनाते हुए एफआईआर दर्ज करवाई और पूरे मामले की जांच के आदेश दिए।
अब आगे क्या...
फिलहाल इस मामले में पुलिस की जांच जारी है और बादशाह को पूछताछ के लिए नोटिस भेजा गया है। महिला आयोग ने भी उन्हें सुनवाई के लिए बुलाया है। ऐसे में अब सबकी नजर इस बात पर है कि जांच और सुनवाई के बाद इस पूरे विवाद में आगे क्या कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई होती है।