नई दिल्ली : कई सवाल उठे, कई आरोप लगे और काफी आलोचना भी हुई। इसके बावजूद गौतम गंभीर की कोचिंग में भारत ने एक बार फिर खिताब जीत लिया। 2026 के टी20 विश्व कप में भारत के चैंपियन बनने के साथ ही गंभीर दो आईसीसी ट्रॉफी जीतने वाले पहले भारतीय कोच बन गए हैं। टीम की इस शानदार सफलता से पूरा देश खुशी में डूबा हुआ है और क्रिकेट प्रेमी भारतीय टीम की इस जीत का जश्न मना रहे हैं।
हालांकि इस सफलता के बीच भी गंभीर उस कठिन समय को नहीं भूले हैं जब वह निराशा के दौर से गुजर रहे थे और किसी ने उनका हाल तक नहीं पूछा था। सिर्फ एक व्यक्ति थे जिन्होंने उनकी स्थिति को समझा और उनका साथ दिया वह थे जय शाह। गंभीर के लिए वह सहानुभूति और समर्थन आज भी एक खास याद बनकर रह गया है जिसने उन्हें प्रेरित किया और इस सफलता की राह तैयार की।
भारत की जीत: नरेंद्र मोदी स्टेडियम में इतिहास
8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड को फाइनल में हराकर भारत ने लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप जीत लिया। यह उपलब्धि भारत के अलावा किसी अन्य टीम के पास नहीं है। टीम की इस जीत में कोच गौतम गंभीर की बड़ी भूमिका रही जिन्हें 2024 में भारत के टी20 विश्व कप जीतने के बाद राहुल द्रविड़ के पद छोड़ने पर मुख्य कोच बनाया गया था। इसके बाद से गंभीर ने भारतीय टीम में कई बड़े बदलाव किए और उन्हीं बदलावों का नतीजा यह खिताब रहा।
जय शाह को दिया गंभीर ने श्रेय
गंभीर ने इस सफलता का बड़ा श्रेय आईसीसी चेयरमैन जय शाह को दिया जिन्होंने न सिर्फ उन्हें कोच नियुक्त किया बल्कि मुश्किल समय में उनका साथ भी दिया। टीम की जीत के बाद एएनआई से बातचीत में गंभीर ने कहा कि न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज हारने के समय सिर्फ जय शाह ही थे जिन्होंने उनकी पीड़ा को समझा।
गंभीर ने कहा कि कोच के रूप में भी मुझे कई कठिन दौर से गुजरना पड़ा। न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज हो या दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज मैं उन पलों को कभी नहीं भूल सकता। उस समय किसी ने मुझे फोन नहीं किया। सिर्फ एक व्यक्ति ने मुझसे बात की और वह थे जय शाह। मुंबई में न्यूजीलैंड से हार के बाद मैं एयरपोर्ट पर था तब उन्होंने फोन करके कहा था हिम्मत मत हारो। दक्षिण अफ्रीका से हार के बाद भी उन्होंने फोन किया था और मैं इसे हमेशा याद रखूंगा।
आईपीएल के दौरान मिला कोच बनने का प्रस्ताव
गंभीर ने यह भी बताया कि 2024 के आईपीएल के दौरान ही जय शाह ने उन्हें भारत का मुख्य कोच बनने का प्रस्ताव दिया था।
उन्होंने कहा कि मुझे याद है कि आईपीएल 2024 में मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के मैच के दौरान जय भाई ने मुझे फोन किया था और कहा था कि मैं तुम्हें एक प्रस्ताव देना चाहता हूं और तुम इसे मना नहीं कर पाओगे। तुम्हें भारतीय टीम का हेड कोच बनना होगा। यह सुनकर मैं हैरान रह गया था क्योंकि उस समय मैं इसके लिए पूरी तरह तैयार भी नहीं था। मेरे पास हेड कोच बनने का अनुभव भी नहीं था लेकिन फिर भी मुझ पर भरोसा किया गया। इसके लिए मैं उनका बहुत सम्मान करता हूं।