दुबई : हाल ही में समाप्त हुए टी-20 विश्व कप में भारतीय क्रिकेटरों ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया। शुरुआत से नहीं खेलने के बावजूद संजू सैमसन टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बने। नॉकआउट चरण में लगातार तीन मैचों में उनके बल्ले से अहम पारियां निकलीं। लगभग हर मैच में ईशान किशन ने भी तेजतर्रार बल्लेबाजी की। उन्होंने तीन अर्धशतक भी लगाए। इस प्रदर्शन का उन्हें अब इनाम मिला है। आईसीसी रैंकिंग में ईशान दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं और शीर्ष पर मौजूद अभिषेक शर्मा को कड़ी टक्कर दे रहे हैं।
आईसीसी रैंकिंग में संजू सैमसन की प्रगति
हाल में समाप्त टी-20 विश्व कप के शुरुआती चरण में संजू को मौका नहीं मिला था लेकिन अभिषेक शर्मा की बीमारी के बाद उन्हें टीम में शामिल किया गया और उन्होंने पांच मैचों में 321 रन बनाए। इसमें वेस्टइंडीज के खिलाफ 97 रन की नाबाद पारी भी शामिल है। सेमीफाइनल और फाइनल में उन्होंने 89-89 रन बनाए। इस शानदार बल्लेबाजी की बदौलत टी-20 बल्लेबाजों की आईसीसी रैंकिंग में उन्होंने 18 स्थान की छलांग लगाई। पहले वह 40वें स्थान पर थे। अब 637 रेटिंग अंकों के साथ 22वें स्थान पर पहुंच गए हैं। यह उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है।
दूसरे स्थान पर पहुंचे ईशान
विश्व कप में ईशान किशन ने नौ पारियों में 317 रन बनाए। पाकिस्तान, नामीबिया और न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्होंने अर्धशतक लगाए। इस प्रदर्शन के कारण रैंकिंग सूची में उन्होंने दो स्थान की छलांग लगाई और चौथे से दूसरे स्थान पर पहुंच गए। उनके रेटिंग अंक अब 871 हो गए हैं। उन्होंने साहिबजादा फरहान को पीछे छोड़ दिया है।
हालांकि विश्व कप में पूरी तरह असफल रहने के बावजूद अभिषेक शर्मा शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं। उनके पास 875 रेटिंग अंक हैं। हालांकि ईशान उनसे सिर्फ चार अंक पीछे हैं और लगातार दबाव बना रहे हैं। वहीं शिवम दुबे ने भी चार स्थान की छलांग लगाते हुए 27वें स्थान पर जगह बना ली है।