🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

सुरक्षा कारणों से टली टी20 विश्व कप के खिलाड़ियों की घर वापसी, आईसीसी ने बताई पूरी स्थिति

वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका टीमों की वापसी में देरी, आईसीसी ने दी सफाई चार्टर्ड फ्लाइट रद्द होने के बाद वाणिज्यिक उड़ानों से लौटेंगे खिलाड़ी।

By रजनीश प्रसाद

Mar 11, 2026 12:43 IST

दुबई : अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण टी20 विश्व कप 2026 के बाद अपने-अपने देशों को नहीं लौट पाने वाले वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ियों की परेशानी को समझते हुए उनके प्रति सहानुभूति व्यक्त की है। साथ ही आईसीसी ने स्पष्ट किया है कि खिलाड़ियों की वापसी में हो रही देरी केवल सुरक्षा, यात्रा की व्यवहार्यता और टीमों के कल्याण को ध्यान में रखते हुए हो रही है इसके पीछे कोई अन्य कारण नहीं है।

आईसीसी ने अपने बयान में कहा कि खिलाड़ियों, कोचों, सहयोगी स्टाफ और उनके परिवारों के लिए घर लौटने में हो रही देरी स्वाभाविक रूप से निराशाजनक है और परिषद भी इस निराशा को साझा करती है। हालांकि मौजूदा हालात में सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना ही सर्वोच्च प्राथमिकता है।

यात्रा कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए आईसीसी ने बताया कि दक्षिण अफ्रीका का प्रोटियाज दल बुधवार रात से अपने देश के लिए रवाना होना शुरू करेगा और उम्मीद है कि अगले 36 घंटों के भीतर टीम के सभी सदस्य प्रस्थान कर जाएंगे। वहीं वेस्टइंडीज के नौ खिलाड़ी पहले ही भारत से रवाना हो चुके हैं जबकि शेष 16 खिलाड़ियों के लिए अगले 24 घंटों के भीतर भारत से उड़ान भरने वाली वाणिज्यिक उड़ानों में सीटें बुक कर दी गई हैं।

गौरतलब है कि कोलकाता से उड़ान भरने वाली चार्टर्ड फ्लाइट मंगलवार को लॉजिस्टिक कारणों से रद्द हो गई थी जिसके बाद आईसीसी को दोनों टीमों के खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग वाणिज्यिक उड़ानों की व्यवस्था करनी पड़ी। आईसीसी ने यह भी कहा कि विभिन्न मीडिया मंचों पर लगाए जा रहे ऐसे आरोप कि फैसलों के पीछे कोई अन्य कारण है पूरी तरह निराधार और भ्रामक हैं।

दरअसल दोनों टीमों ने अपने अंतिम मुकाबले कोलकाता में खेले थे। वेस्टइंडीज ने 1 मार्च को सुपर-8 चरण में अपना आखिरी मैच खेला था जबकि दक्षिण अफ्रीका ने 4 मार्च को सेमीफाइनल में हिस्सा लिया था। इसके बाद से खिलाड़ी अपने-अपने देशों के लिए रवाना नहीं हो सके।

इस देरी की मुख्य वजह पश्चिम एशिया में बढ़ा तनाव है। ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमलों के बाद क्षेत्र के कई हिस्सों में अंतरराष्ट्रीय हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध लगा दिए गए हैं। इसके चलते कई एयरलाइनों को खाड़ी क्षेत्र से होकर जाने वाले मार्गों से बचना पड़ रहा है। आईसीसी की साझेदार एयरलाइन एमिरेट्स भी दुबई के हवाई क्षेत्र के बंद होने के कारण सामान्य संचालन नहीं कर पा रही है।

आईसीसी ने कहा कि वह एयरलाइनों, चार्टर्ड ऑपरेटरों, हवाई अड्डा प्राधिकरणों और विभिन्न देशों के सरकारी अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है ताकि सभी खिलाड़ियों और उनके परिवारों की सुरक्षित घर वापसी जल्द से जल्द सुनिश्चित की जा सके। परिषद ने क्रिकेट बोर्डों और खिलाड़ियों से अपील की है कि वे इस कठिन परिस्थिति में धैर्य बनाए रखें क्योंकि बदलते हालात के बीच समाधान तलाशने का प्रयास लगातार जारी है।

Prev Article
चुनाव की तारीखों के कारण दो चरणों में जारी होगा आईपीएल 2026 का कार्यक्रम
Next Article
BCCI एथिक्स ऑफिसर ने MS धोनी को हितों के टकराव के आरोपों से बरी कर दिया

Articles you may like: