उत्तर बंगाल में चुनाव प्रचार अभियान के लिए रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक बार फिर से चुनाव आयोग पर निशाना साधा। उन्होंने चुनाव आयोग के साथ भाजपा की साठगांठ का आरोप लगाया।
कोलकाता एयरपोर्ट से मीडिया को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग पर 'पक्षपाती' होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इसी वजह से उनकी विज्ञप्ति में भाजपा का चुनाव चिन्ह लगा हुआ है। बनर्जी ने कटाक्ष करते हुए कहा, 'झोले में से बिल्ली निकल भागी है।'
भाजपा पर तीखा वार करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि पीछे के दरवाजे से क्यों खेल रहे हैं? आमने-सामने से खेलिए। सिर्फ 'क्लरिकल गलती' होने की बात कहने से हो जाएगा? या फिर यह जानबुझकर किया गया था? उन्होंने सभी राजनीतिक पार्टियों से एक साथ इस लड़ाई में उतरने का आह्वान करते हुए कहा कि एक पार्टी के शासन के खिलाफ लड़ना होगा।
Read Also | चुनाव आयोग के पत्र पर भाजपा का 'कमल छाप'? अभिषेक बनर्जी का बड़ा सवाल
गौरतलब है कि इससे पहले भी ममता बनर्जी ने कई बार आरोप लगाया है कि चुनाव आयोग भाजपा के इशारों पर काम करता है। ऐसी स्थिति में चुनाव आयोग की विज्ञप्ति में भाजपा की मुहर वाली फोटो के सामने आने से राजनैतिक हलचल मच गयी है। हालांकि चुनाव आयोग की ओर से दावा किया गया है कि यह सिर्फ एक क्लरिकल गलती ही है।
मंगलवार को चुनाव प्रचार के लिए रवाना होने से पहले कोलकाता एयरपोर्ट से ममता बनर्जी ने एक बार फिर से चुनाव आयोग पर तीखा वार किया। उन्होंने मतदाता सूची से नाम कटने का विरोध किया। इसके साथ ही सप्लिमेंट्री सूची के जारी होने में देर होने के मुद्दे पर भी अपनी नाराजगी जाहिर की। साथ ही उन्होंने दावा करते हुए कहा कि बाद में जो भी नाम मतदाता सूची में शामिल हुए हैं, वह उनके द्वारा दायर मामले की वजह से ही हुए हैं। उन्होंने भाजपा के एकनायकतंत्र का सभी पार्टियों से विरोध करने का आह्वान किया।