पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए तृणमूल कांग्रेस ने अपने सभी प्रत्याशियों के नामों की घोषणा के साथ-साथ अपना घोषणा पत्र भी जारी कर दिया है। इस घोषणा पत्र में उन्होंने अपनी 10 'प्रतिज्ञाओं' का जिक्र किया है। अब भाजपा अपने घोषणा पत्र में मतदाताओं को रिझाने के लिए कौन से वादे करती है, इसके जारी होने का इंतजार किया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदेश भाजपा 28 मार्च (शनिवार) को अपना घोषणा पत्र जारी करने वाला है। इसे गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में जारी किया जाएगा।
ANI की रिपोर्ट में प्रदेश भाजपा सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि यह भाजपा का एक महत्वपूर्ण राजनैतिक कार्यक्रम हो सकता है। बताया जाता है कि इस कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, विधानसभा चुनाव प्रत्याशी और बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता शामिल हो सकते हैं। लेकिन सबसे अधिक नजरें इस बात पर ही टिकी होंगी कि भाजपा अपने घोषणा पत्र में किन मुद्दों को अधिक महत्व देने वाला है?
सूत्रों के हवाले से प्राप्त जानकारी के अनुसार अपने घोषणा पत्र में शासन, विकास, रोजगार, बुनियादी संरचना, कानून और व्यवस्था व समाज के लिए कल्याणकारी उपाय आदि को शामिल किया जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि भाजपा अपने घोषणा पत्र में युवाओं के लिए रोजगार, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण और शहरी इलाकों के बीच परिवहन संपर्क को बढ़ाने के विषय में भी घोषणाएं हो सकती हैं।
Read Also | कल कोलकाता आ रहे हैं भाजपा नेता नितिन नबीन, तय करेंगे चुनाव प्रचार अभियान की रणनीति
घोषणापत्र को जारी होने से पहले प्रदेश भाजपा ने राज्य भर में अपनी संगठनात्मक गतिविधियों को तेज कर दिया है। इसके तहत ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन कल दो दिनों के दौरे (24 और 25 मार्च) को कोलकाता आ रहे हैं जहां वह पार्टी के नेताओं के साथ कई महत्वपूर्ण बैठकें करेंगे।
बताया जाता है कि अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान नबीन भाजपा के 5 प्रमुख संगठनात्मक क्षेत्रों - उत्तर बंगाल, नवद्वीप, कोलकाता और हावड़ा-हुगली-मेदिनीपुर, के नेताओं के साथ विस्तृत चर्चा करेंगे। इन बैठकों को रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि इनका उद्देश्य पार्टी की तैयारियों का व्यापक और सूक्ष्म स्तर पर आकलन करना है।
माना जा रहा है कि नितिन नबीन का यह दौरा बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के साथ ही चुनावी संग्राम के संबंध में उनका पथ प्रदर्शन भी करेगा। विभिन्न क्षेत्रों के नेताओं के साथ बात करके नितिन नबीन केंद्रीय नेताओं की सोच और अवधारणा के साथ स्थानीय स्तर पर चुनावी रणनीतियों को मिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।