अब असम, केरल व तमिलनाडु के भाजपा चुनाव प्रभारी भी प्रवासी राजस्थानियों की बड़ी आबादी वाली विधानसभा सीटों की सूची बना कर प्रदेशाध्यक्ष को भेजेंगे, इसके बाद यहां से टीम बना कर भेजी जाएगी। प्रदेश कार्यालय की ओर से चुनाव प्रबंधन, सोशल मीडिया, आईटी सेल के माहिर नेताओं की सूची बनाई जा रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इन राज्यों में प्रवासी राजस्थानियों के साथ ही अन्य सभाओं में भी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री दो दिन पहले ही केरल में भाजपा प्रत्याशियों की नामांकन रैलियों में शामिल हुए है।
पश्चिम बंगाल व असम में है ज्यादा प्रवासी राजस्थानी
पश्चिमी बंगाल के कोलकत्ता सहित अन्य शहरों व कस्बों के साथ ही असम के अधिकांश इलाकों में प्रवासी राजस्थानियों की बड़ी संख्या है। पश्चिम बंगाल व असम में राजस्थानियों की 25 लाख आबादी मानी जा रही है। शेखावाटी के लोग वहां व्यापार और उद्योग में बड़ी भूमिका निभाते हैं।
प. बंगाल में 16 नेताओं की टीम पश्चिम बंगाल चुनाव में भाजपा ने राजस्थान के 16 नेताओं को जिम्मेदारी दी है। किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष व पूर्व केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी को सिलीगुडी जोन का जिम्मा दिया गया है। यहां 26 सीट है। विधायक जितेंद्र गोठवाल आसनसोल का प्रभारी बना कर सात सीटों पर जीत की रणनीति बनाने की जिम्मेदारी दी है। जोधपुर शहर से विधायक अतुल भंसाली को नॉर्थ कोलकत्ता का जिम्मा दिया है। पूर्व सांसद मनोज राजोरिया को बेहाला विधानसभा सीट के इंचार्ज बनाया है। इसके अलावा भाजपा प्रवक्ता नीरज जैन, पूर्व विधायक शंकर सिंह राजपुरोहित, अभिनेष महर्षि, भाजपा नेता वासुदेव चावला, युवा मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष अशोक सैनी, पूर्व प्रदेश महामंत्री मोतीलाल मीणा सहित अन्य नेताओं को अलग अलग विधानसभा सीट की जिम्मेदारी दी है।
भूपेंद्र यादव व सुनील बंसल को बड़ी जिम्मेदारी केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और भाजपा नेता सुनील बंसल को पश्चिम बंगाल में लगाया है। यादव पश्चिम बंगाल के चुनाव प्रभारी है। यहां संगठन प्रभारी का दायित्व सुनील बंसल के पास है। दोनों ही नेता चुनावी मैनेजमेंट में निचले स्तर तक का फीडबैक लेने में माहिर माने जाते है। बंगाली समाज को जोड़ने की कोशिश जयपुर, जोधपुर और कोटा सहित अन्य बड़े शहरों में पश्चिम बंगाल के कई मजदूर और कामगार काम करते हैं। ऐसे में इन शहरों के भाजपा पदाधिकारी बंगाली समाज सहित अन्य राज्यों के स्थानीय संगठनों के साथ बैठक करने की प्लानिंग कर रहे है। ताकि उन्हें भाजपा के पक्ष में वोट देने के लिए तैयार किया जा सके। चुनाव के दौरान यहां से बड़ी संख्या में लोग अपने गृह राज्यों में वोट देने जाएंगे।
जहां प्रवासी राजस्थानी हैं, वहां जाएंगे पदाधिकारी भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने कहा कि इन राज्यों में प्रवासी राजस्थानियों की बड़ी संख्या है। ऐसे में संबंधित राज्य के चुनाव प्रभारी की ओर से डिमांड आने पर यहां से टीम भेजी जा रही है। फिलहाल पश्चिम बंगाल में 16 नेताओं की टीम गई है। प्रदेश के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं वहां प्रवासी राजस्थानियों को भाजपा की नीति और रीति से जोड़ने और केंद्र की मोदी सरकार की ओर से किए गए कार्यों के बारे में जानकारी दे रहे है।