जयपुरः राजस्थान में पिछले 24 घंटों में अनेक भागों में मेघगर्जन के साथ हल्की-मध्यम बारिश दर्ज की गई है। सर्वाधिक बारिश नोखा, बीकानेर में 25mm दर्ज हुई है। कहीं-कहीं अतिवृष्टि भी हुई है, जिसकी वजह से फसल चौपट हो गई। अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2-8 डिग्री नीचे रिकॉर्ड हुआ है।
मौसम शुष्क रहने की संभावना
पश्चिमी विक्षोभ का मुख्य असर उत्तर-पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, जयपुर संभाग के कुछ भागों में जारी रहेगा। बाकी अधिकांश भागों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। एक और बैक टू बैक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों में 21-22 मार्च को भी मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश की संभावना है।
2-3 डिग्री तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है
अधिकांश भागों में आगामी 4-5 दिन मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा। आगामी 2-3 दिनों में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री बढ़ोतरी होने और सामान्य से 2-4 डिग्री नीचे बने रहने की प्रबल संभावना है।
सीएम भजनलाल ने दिए निर्देश
भजनलाल शर्मा ने प्रदेश के विभिन्न अंचलों में हुई अतिवृष्टि से किसानों को हुए नुकसान के आकलन के लिए सभी जिला कलेक्टरों को तत्काल सर्वेक्षण कराने और जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
"राजस्थान की समृद्धि का आधार अन्नदाता"
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान की समृद्धि का आधार अन्नदाता हैं और राज्य सरकार पूर्ण संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि प्रभावित किसानों को शीघ्र और समुचित सहायता उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।