भुवनेश्वर : भुवनेश्वर से नबरंगपुर जा रही बस में शनिवार तड़के आग लग गई। घटना में ओडिशा के कांग्रेस विधायक मंगू खिला समेत 37 यात्रियों की जान बाल-बाल बची,पुलिस अधिकारियों के द्वारा यह जानकारी प्राप्त हुई।
यह घटना आंध्र प्रदेश के रामभद्रपुरम के पास हुई। पुलिस के अनुसार बस के पीछे का टायर फटने के बाद उसमें आग लग गई। बस पूरी तरह जलने से पहले ही सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
पुलिस ने बताया कि ड्राइवर की तत्परता और यात्रियों की सतर्कता से एक बड़ी दुर्घटना टल गई। फायर ब्रिगेड और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन बस नहीं बच पाई।
मलकानगिरी जिले के चित्रकोंडा विधानसभा क्षेत्र से विधायक खिला ने कहा कि जब हम सभी यात्री गहरी नींद में थे, तभी बस में आग लग गई। ड्राइवर की सूझबूझ से हम सबकी जान बच गई। उसने तुरंत बस रोकी, खिड़कियां खोलीं और सभी यात्रियों को जगा दिया।
उन्होंने बताया कि वह भुवनेश्वर के रसूलगढ़ बस स्टैंड से बस में सवार हुए थे और मलकानगिरी जा रहे थे। बाद में दूसरी बस से यात्रियों को मलकानगिरी भेजा गया। पुलिस ने आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।