तिरुवनंतपुरम : कोच्चि में एक लोकप्रिय मलयालम फिल्म अभिनेत्री से छेड़छाड़ करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।आरोपी की पहचान विबिन रॉय के रूप में हुई है, जो काथ्रिकाडावु का रहने वाला है।
पुलिस के अनुसार यह घटना गुरुवार शाम की है, जब अभिनेत्री कलूर के स्टेडियम लिंक रोड पर एक दुकान की ओर जा रही थीं। उसी दौरान आरोपी ने उनका पीछा किया और उनके साथ छेड़छाड़ की, फिर वहां से भाग गया।
बाद में अभिनेत्री ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पलारिवट्टोम पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया।
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले से ही सोशल मीडिया पर अभिनेत्री को बार-बार संदेश भेजा करता था। जिसके कारण अभिनेत्री ने उसे ब्लॉक कर दिया था। इसी से नाराज होकर उसने उनका पीछा किया और उनके साथ बदसलूकी की।
जांच के बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान की और शुक्रवार रात उसे गिरफ्तार कर लिया। जल्द ही रिमांड के लिए उसे अदालत पेश किया जाएगा।