राजस्थान के जयपुर में ईद पर हिंदुओं ने मुस्लिमों पर फूलों की बारिश कर ईद की बधाई दी। हिंदू-मुस्लिम एकता समिति के तत्वावधान में हिंदू समुदाय के सदस्यों ने ईदगाह में नमाज अदा कर रहे मुस्लिम समुदाय के सदस्यों पर फूलों की बारिश की। हिंदू-मुस्लिम एकता और भाईचारे का संदेश दिया। ईद पर बच्चों में भी खासा उत्साह देखा गया। ईदी मिलने पर उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। इस दौरान कई अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने भी ईदगाह पहुंचकर मुस्लिम समाज के लोगों को बधाई दी। शांति एवं सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया।
"ईद के बिना दिवाली नहीं"
फूलों की बरिश कर रहे हिंदू-मुस्लिम एकता समिति के सदस्य राजेश कुमार शर्मा ने कहा, "सभी को ईद मुबारक। हमारे बीच भाईचारा राजस्थान सहित पूरे हिंदुस्तान में बरकरार रहे। कुछ लोग फूट डालकर अलग करना चाहते हैं, यह गलत है। राम के बिना रमजान नहीं होता और ईद के बिना दिवाली नहीं होती है। हम यह संदेश देना चाहते हैं कि हम सब एक हैं। हम हिंदू और मुसलमान एक ही परिवार के हैं। हम एक ही परिवार बनकर रहन चाहते हैं।"
पारंपरिक वेशभूषा में एकत्रित हुए
सुबह से ही मुस्लिम समुदाय के लोग पारंपरिक वेशभूषा में एकत्रित हुए। बच्चे रंग-बिरंगी पोशाकों में खास उत्साहित नजर आए। शहर के अलग-अलग जगह से लोग ईदगाह पहुंचे। शांति पूर्वक नमाज अदा की। नमाज के दौरान हजारों लोगों ने एक साथ सजदे में सिर झुकाकर अल्लाह की इबादत की और देश में शांति, सद्भाव और समृद्धि की कामना की। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी।