शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस का चुनावी घोषणापत्र जारी करते समय मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) ने SIR में चुन-चुनकर खास समुदाय के लोगों का नाम हटाने का आरोप लगाया। शनिवार को रेड रोड पर ईद के अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम के दौरान उन्होंने एक बार फिर से यह मुद्दा उठाया। ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) का नाम लेते हुए SIR में खासतौर पर मुस्लिम समुदाय के लोगों का नाम हटाने का आरोप लगाया।
शनिवार की सुबह बारिश के बीच ही रेड रोड पर कोलकाता की खिलाफत कमेटी द्वारा आयोजित ईद की नमाज के कार्यक्रम में शामिल होने तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी पहुंची। इस दौरान उनके साथ सांसद व तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी भी मौजूद थे। पहले ईद की नमाज पढ़ने आए लोगों को शुभकामनाएं देते हुए अभिषेक बनर्जी ने अपनी बात रखी।
इसके बाद ममता बनर्जी ने अपना संबोधन शुरू किया और इसके शुरुआत में ही उन्होंने SIR में जिन लोगों का नाम हटाया जा रहा है उसे लेकर नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। ममता बनर्जी ने कहा कि SIR में बड़ी संख्या में लोगों का नाम हटाया जा रहा है। इस बात को लेकर मैं कोलकाता से लेकर दिल्ली, हाई कोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक गयी हूं। लड़ रही हूं। हम हमारा अधिकार किसी को छिनने नहीं देंगे। मोदीजी को भी छिनने नहीं दे सकते हैं।
Read Also | धर्म का चश्मा उतार कर देखें, हिंदुस्तान खतरे में है : अभिषेक बनर्जी
इतना ही नहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दुबई दौरे पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि दुबई के लोग भारत के दोस्त हैं। आप (PM नरेंद्र मोदी) जब दुबई जाकर वहां के लोगों से हाथ मिलाते हैं तब कोई भेदभाव नहीं रहता है। वहां हिंदू-मुसलमान जैसा कुछ नहीं होता है लेकिन भारत में आने पर आपलोगों की आंखों में भेदभाव पैदा हो जाता है। आप (भाजपा) कहते हैं कि इसका नाम बदल दो, उसका नाम बदल दो। मैं इसे भेदभाव की राजनीति मानती हूं। आपलोग ही सबसे ज्यादा विभाजन तैयार करते हैं। असलियत में आपलोग ही सबसे बड़े घुसपैठिए हैं।
ईद के कार्यक्रम के दौरान भाजपा को 'अपराधियों और गुंडों की पार्टी', 'विश्वासघातकों की पार्टी' कहकर भी उन्होंने कटाक्ष किया। इसके साथ ही ममता बनर्जी ने आश्वस्त करते हुए कहा कि मैं उम्मीद करती हूं कि लोगों के सम्मान की रक्षा की जाएगी। अगर आपका नाम मतदाता सूची में नहीं रहता है तो चिंता न करें।
बंगाल के सभी नागरिकों, सभी सम्प्रदाय और सभी जाति-धर्म के लोगों के साथ हम खड़े हैं। सभी एक परिवार के सदस्य के तौर पर इस लड़ाई को लड़ेंगे। हमारा एक ही काम है - एकजुट होकर रहना। हमें हमारे देश पर गर्व है। मुझे मेरे भारत पर गर्व है। पूरी दुनिया के लिए शांति, भाईचारा और दोस्ती का संदेश देना चाहती हूं।