ईरान बनाम इजरायल-अमेरिका के युद्ध की वजह से ईंधन को लेकर संकट पैदा हो गया है। इसके साथ ही दुनिया भर में ईंधन की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि हो रही है। ऐसी परिस्थिति में अमेरिका ने राहत का रास्ता ढूंढ निकाला है।
अमेरिका के ट्रेजरी विभाग ने ईरान के अपरिशोधित तेल (Crude Oil) और पेट्रोलियम द्रव्यों पर लगी पाबंदियों को हटाने की जानकारी दी है। ईंधन की संकट को दूर करने के लिए अगले 30 दिनों तक इन पाबंदियों को हटाने की घोषणा की गयी है। शुक्रवार की रात को एक माह के लिए पाबंदी हटाने की जानकारी अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट (Scott Bessent) ने दी है लेकिन इस मामले में कई शर्तें भी रखी गयी हैं।
अमेरिका ने ईरान पर तेल के निर्यात को लेकर पाबंदी लगायी थी। इस पाबंदी को हटाने पर कुछ समय के लिए ईरान को तेल निर्यात करने की छूट मिल जाएगी। सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट में स्कॉट बेसेंट ने बताया है कि यह छूट सिर्फ उन्हीं तेल (ईंधन) पर लागू होगी जो इस समय परिवहन पथ (Transit) में है। नए मामलों में यह छूट लागू नहीं होगी। पर अचानक यह छूट क्यों दी जा रही है?
Iran is the head of the snake for global terrorism, and through President Trumps Operation Epic Fury, we are winning this critical fight at an even faster pace than anticipated. In response to Irans terrorist attacks against global energy infrastructure, the Trump
— Treasury Secretary Scott Bessent (@SecScottBessent) March 20, 2026
इस बारे में अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ने बताया कि इसकी वजह से दुनिया भर में पैदा हुआ ईंधन संकट से थोड़ी राहत मिलेगी। ईंधन की कमी को पूरी करने के साथ-साथ तेहरान को ईंधन की बढ़ी हुई कीमतों से फायदा लेने से भी रोका जा सकेगा। उन्होंने बताया कि 19 अप्रैल तक यह पाबंदी हटायी जा रही है जिसकी वजह से 140 मिलियन बैरल ईंधन दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में पहुंच सकेगा।
गौरतलब है कि 28 फरवरी को जब इजरायल-अमेरिका ने ईरान पर हमला किया था उसकी वजह से होर्मूज जलसंधि (Strait of Hormuz) बंद हो गया। इस महत्वपूर्ण परिवहन पथ के बंद हो जाने की वजह से वाणिज्य भी ठप्प पड़ गया था। ईरान ने स्पष्ट कर दिया था कि होर्मूज जलसंधि पर उनका अधिकार है।
इसके बाद ही डोनाल्ड ट्रंप ने भी चेतावनी देते हुए कहा कि अगर इस परिवहन मार्ग को बंद रखा गया तो इसका परिणाम भुगतना पड़ेगा। हाल ही में अमेरिका ने रुस के ईंधन पर लगायी गयी पाबंदी को भी हटा लिया है। इसके बाद ही यह फैसला लिया गया है।
ईरान लगातार उन जहाजों पर हमला कर रहा है जिनका अमेरिका और इजरायल के साथ कोई संबंध है। इस वजह से होर्मूज जलसंधि से होकर ईंधन व गैस की आवाजाही बाधित हो रही है। इस वजह से दुनिया भर में तेल की कीमतें लगातार बढ़ती जा रही हैं। अब होर्मूज जलसंधि को सुरक्षित रखने के लिए डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन कदम उठाने वाली है।