मार्च के तीसरे सप्ताह में मौसम ने अचानक करवट बदली। मौसम विभाग ने पहले ही पूर्वानुमान जताया था कि शुक्रवार की शाम के बाद से राज्य के मौसम में परिवर्तन होगा। इसी बात को सच साबित करते हुए शुक्रवार की शाम से राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश शुरू हो गयी है।
बताया जाता है कि सप्ताहांत में कोलकाता के मौसम में खास परिवर्तन नहीं होगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आज शनिवार और रविवार को कोलकाता समेत राज्य भर में वज्रपात के साथ बारिश होने की संभावना जतायी गयी है। इसके साथ ही तेज हवाएं भी चलेंगी जिसकी वजह से मौसम ठंडा महसूस होगा।
लुढ़का तापमान
अलीपुर मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह 8.30 बजे से शनिवार की सुबह 6 बजे तक कुल 14.8 मिलीमीटर बारिश हुई है। बेमौसम बारिश के प्रभाव से तापमान का पारा भी लुढ़क गया है। शुक्रवार को महानगर का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया जो सामान्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
शुक्रवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सर्वाधिक तापमान भी 3.3 डिग्री सेल्सियस घटकर 30.9 डिग्री दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने बताया कि रविवार को भी महानगर में आंधी-बारिश का दौर जारी रहेगा। कुछ जगहों पर ओले पड़ने की संभावना है।
दक्षिण-उत्तर बंगाल का मौसम
शनिवार को कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में कालवैशाखी जैसी परिस्थिति बनेगी। पूर्व बर्धमान, हुगली, हावड़ा, उत्तर 24 परगना, नदिया, मुर्शिदाबाद और पश्चिम मिदनापुर जिले में आज (शनिवार) बारिश होने की संभावना जतायी जा रही है। प्रतिघंटा 60 से 70 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं, ओला वृष्टि और वज्रपात होने की आशंका है। वहीं दक्षिण बंगाल के अन्य जिलों में भी 40 से 60 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं और साथ में वज्रपात के साथ बारिश होने की संभावना जतायी गयी है।
उत्तर बंगाल में सप्ताहांत में मौसम विभाग ने बारिश होने की संभावना जतायी है। दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरदुआर जिलों में 70 से 110 मिलीमीटर तक बारिश होने की संभावना है। कुछ जिलों में भारी से अतिभारी बारिश तक हो सकती है। इसके साथ ही ओला वृष्टि होने की संभावना भी जतायी गयी है और साथ में प्रतिघंटा 50 से 60 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं भी बहेंगी।
कोलकाता का मौसम
मौसम विभाग ने बताया है कि आज शनिवार को पूरे दिन कोलकाता में आसमान बादलों से घिरा रहेगा। हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना भी जा रही है। दिन के समय तापमान सामान्य से काफी नीचे जा सकता है। रविवार के बाद मौसम में बदलाव होने की संभावना जतायी गयी है।