🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

RG कर के बाद SSKM अस्पताल से युवक का फंदे से लटकता शव बरामद, आत्महत्या या है कोई साजिश?

जिस युवक का शव एसएसकेएम अस्पताल परिसर से बरामद हुआ है वह अस्पताल का सफाई कर्मी बताया जाता है।

By Moumita Bhattacharya

Mar 20, 2026 13:47 IST

शुक्रवार की सुबह से कोलकाता के दो प्रमुख सरकारी अस्पतालों से एक के बाद एक कई चौंकाने वाली खबरें सामने आयी हैं। पहले आरजी कर मेडिकल कॉलेज व अस्पताल की लिफ्ट में फंसकर एक युवक की मौत हो गयी और अब एसएसकेएम अस्पताल से एक व्यक्ति की रहस्यमयी मौत का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सरकारी अस्पताल परिसर एक युवक का फंदे से लटकता हुआ शव बरामद किया गया है।

सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिस युवक का शव एसएसकेएम अस्पताल परिसर से बरामद हुआ है वह अस्पताल का सफाई कर्मी बताया जाता है। बताया जाता है कि अस्पताल के मेन ब्लॉक के ठीक विपरीत मौजूद गैस्ट्रो ओपीडी के पास चौथी मंजिल से उक्त युवक का फंदे से लटकता हुआ शव बरामद किया गया है। मृतक का नाम इमरान सरदार (22) बताया जाता है। वह अस्पताल के गैस्ट्रो विभाग में अनुबंधित कर्मचारी के तौर पर काम करता था।

Read Also | सुबह-सुबह RG Kar अस्पताल में हादसा, लिफ्ट में फंसकर एक युवक की गयी जान

अस्पताल सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार एसएसकेएम के कर्मचारियों ने ही सबसे पहले उक्त युवक का फंदे से लटकता हुआ शव देखा और तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को बरामद किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्राथमिक तौर पर अनुमान लगाया जा रहा है कि यह आत्महत्या का मामला हो सकता है। हालांकि अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि शुक्रवार की सुबह कोलकाता के एक और सरकारी अस्पताल आरजी कर में लिफ्ट में फंसकर एक युवक की दर्दनाक मौत हो गयी। बताया जाता है कि उक्त युवक अपने बच्चे का इलाज करवाने के लिए अस्पताल आया था। वह आरजी कर के ट्रॉमा केयर बिल्डिंग की 5वीं मंजिल पर जाने के लिए लिफ्ट में अपनी पत्नी और 4 वर्षीय बच्चे के साथ चढ़ा था लेकिन तीसरी मंजिल के बाद लिफ्ट ऊपर जाने के बाद अचानक नीचे जाने लगी और बेसमेंट में जाकर फंस गयी।

लिफ्ट का दरवाजा भी अटक गया जिस वजह से दिल का दौरा पड़ने से उक्त युवक की लिफ्ट में ही मौत हो गयी। युवक के शव को भी पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Articles you may like: