कोलकाता और राज्य पुलिस के अधीन कार्यरत सिविक वॉलेंटियर के लिए नवान्न ने एड-हॉक बोनस की विज्ञप्ति जारी की है। गुरुवार को इस बाबत एक सरकारी विज्ञप्ति जारी की गयी है।
इस विज्ञप्ति में बताया गया है कि सिविक वॉलेंटियर को अब तक ₹6,800 भत्ता दिया जाता था जिसे वित्तीय वर्ष 2025-26 में बढ़ाकर ₹7,400 कर दिया गया है। इसमें ₹600 अतिरिक्त भत्ता जोड़ा जा रहा है। बताया जाता है कि यह फैसला विलेज पुलिस के मामले में भी लागू होगा।
गौरतलब है कि गत 27 फरवरी को सरकारी के कर्मचारियों के लिए राज्य सरकार की ओर से एड-हॉक बोनस की घोषणा की गयी थी। अब आखिरकार सिविक वॉलेंटियर और विलेज पुलिस के लिए इस फैसले को लागू किया गया है।
जिस दिन विधानसभा चुनाव की घोषणा की गयी थी, उससे कुछ घंटों पहले ही राज्य सरकार की ओर से पुरोहित व मौलवियों का भत्ता ₹500 बढ़ाने की घोषणा मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने की थी। इसके साथ ही हिंदू धर्मावलंबियों के लिए दुर्गा पूजा और मुस्लिम धर्मावलंबियों के लिए ईद से पहले बोनस की घोषणा भी राज्य सरकार ने की थी।
चुनाव से पहले अंतरिम बजट में सिविक वॉलेंटियर के लिए मासिक भत्ता ₹1000 बढ़ाने का फैसला लिया गया था। सिविक वॉलेंटियर के अलावा ग्रीन पुलिस और विलेज पुलिस के लिए भी यह फैसला दिया गया था। गौरतलब है कि वर्तमान में करीब डेढ़ लाख से भी अधिक सिविक वॉलेंटियर राज्य के अलग-अलग हिस्सों में कार्यरत हैं।