पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए तृणमूल ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा मंगलवार (17 मार्च) को कर दी थी। जैसे ही नाम की घोषणा हुई, सभी उम्मीदवार अपने-अपने क्षेत्र में चुनाव प्रचार में जुट गए हैं। राज्य में विधानसभा चुनाव के चुनावी समर का शंखनाद हो चुका है।
इसके साथ ही भाजपा, वामपंथ और तृणमूल कांग्रेस ने अधिकांश सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। मंगलवार को कालीघाट स्थित अपने आवास में मौजूद छोटे से ऑफिस से ही संवाददाता सम्मेलन को तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी (Abhishek Banerjee) ने संबोधित किया। उन्होंने राज्य के सभी सीटों पर तृणमूल उम्मीदवारों के नाम की घोषणा।
मंगलवार को नाम की घोषणा होने के साथ ही विभिन्न इलाकों में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जहां दीवार-लेखन की जिम्मेदारी संभाल ली, वहीं चुनावी मैदान में प्रतिद्वंद्विता कर रहे उम्मीदवारों ने भी जनसंपर्क बढ़ाने का काम शुरू कर दिया है।
नारियल फोड़कर प्रचार अभियान की शुरुआत
मंगलवार को जैसे ही नाम की घोषणा हुई उसी रात को निर्मल माझी गोघाट पहुंच गए। बुधवार से उन्होंने अपना प्रचार अभियान शुरू भी कर दिया है। दिन में उन्होंने पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ जुलूस निकाला।
गोघाट के एक नंबर ब्लॉक तृणमूल के पार्टी ऑफिस से प्रचार गाड़ी का उद्घाटन भी नारियल फोड़कर किया गया। इस मौके पर पार्टी के कार्यकर्ताओं ने 'जय बांग्ला' का नारा दिया। वहीं मुस्कुराते हुए निर्मल माझी ने कहा कि हम सब एक समान हैं।
इफ्तार में शामिल हुए ऋतव्रत बंद्योपाध्याय
बुधवार को उलुबेड़िया पूर्व के तृणमूल उम्मीदवार ऋतव्रत बंद्योपाध्याय ने इफ्तार के माध्यम से इलाके में जनसंपर्क बढ़ाना शुरू किया। उलुबेड़िया नगर निगम के वार्ड नंबर 7 के बाउड़िया मौलवीपाड़ा में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रचार के उद्देश्य से आप सभी दीवार लेखन तो करेंगे। उसी समय थोड़ी सी कालिख भी जमा करके रख दिजीएगा।
उन्होंने दावा किया कि चुनाव का रिजल्ट जारी होने के बाद राज्य में तृणमूल की जयजयकार ही होगी। ममता बनर्जी चौथी बार राज्य की मुख्यमंत्री बनने वाली हैं। इसके बाद उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि चुनाव का रिजल्ट जारी होने के बाद भाजपा को संतुष्ट करने के लिए जिन लोगों ने मतदाताओं का नाम हटाया है, उनको बतौर 'उपहार' यह कालिख प्रदान की जाएगी। उनके मुंह पर पोतना होगा।
पहले काम फिर वोट - कैलाश मिश्र
उम्मीदवारों के नाम की घोषणा होने के बाद जहां सभी उम्मीदवारों अपने-अपने इलाकों में चुनाव प्रचार में व्यस्त हो गए हैं, वहीं बाली के तृणमूल उम्मीदवार कैलाश मिश्र ने अलग ही रुख अपनाया है। वह बुधवार को पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ सड़कों पर इलाके की साफ-सफाई करने उतर पड़े।
प्रचार अभियान की शुरुआत से पहले वह पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ लिलुआ और बेलुड़ के गली-मुहल्लों में जाकर कैलाश मिश्र ने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ जनता की शिकायतें सुनी। इसके साथ ही लिलुआ से लेकर बाली के विभिन्न इलाकों में जमी गंदगी को भी अर्थ मुवर से साफ करवाया गया।