आर जी कर मेडिकल कॉलेज व अस्पताल एक बार फिर से नकारात्मक खबरों की वजह से सुर्खियों में आ गया है। शुक्रवार की सुबह सरकारी अस्पताल के लिफ्ट में फंसकर एक युवक की मौत हो गयी। इस घटना के सामने आने के बाद से ही अस्पताल परिसर में काफी हंगामा मच गया है। अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ मृतक के परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर टाला थाना की पुलिस पहुंच गयी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक का नाम अरुप बंद्योपाध्याय (40) था जो दमदम इलाके का निवासी बताए जाते हैं। शुक्रवार की सुबह वह अस्पताल के ट्रॉमा केयर बिल्डिंग की लिफ्ट में फंस गए थे। अपने 4 वर्षीय बेटे और पत्नी के साथ वह अस्पताल में आए थे। उनके बेटे के हाथ में फ्रैक्चर हुआ था जिसका ऑपरेशन होने वाला था।
अस्पताल सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार की भोर को बेटे के ऑपरेशन के लिए ट्रॉमा केयर बिल्डिंग के 5वीं मंजिल पर वह लिफ्ट से जा रहे थे। उनके साथ उनकी पत्नी और बेटा भी था। दावा किया जा रहा है कि लिफ्ट 5वें तल के बजाए तीसरे तल से फिर नीचे जाने लगा था। ग्राउंड फ्लोर पर रुकने की जगह लिफ्ट बेसमेंट में चला गया। इसके साथ ही लिफ्ट का दरवाजा भी फंस गया था।
इस कारण लिफ्ट के अंदर ही युवक अपने 4 वर्षीय बेटे और पत्नी के साथ फंस गए और अस्वस्थ हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि घटना के समय लिफ्ट का कोई ऑपरेटर मौके पर मौजूद नहीं था। बंद लिफ्ट के अंदर से महिला और बच्चे की चीख पुकार सुनकर आसपास मौजूद मरीजों के परिजन दौड़ कर वहां पहुंचे।
मदद के लिए अस्पताल प्रबंधन से भी संपर्क करने की काफी कोशिशें की गयी। आरोप है कि लगभग 1 घंटा बीत जाने के बावजूद लिफ्ट में फंसे इस परिवार को बचाने के लिए कोई नहीं आया था। बाद में बचावकर्मियों ने लिफ्ट का दरवाजा खोला लेकिन तब तक युवक की मौत हो गयी थी।
संभावना जतायी जा रही है कि दिल का दौरा पड़ने से उक्त युवक की मौत हुई है। आरजी कर अस्पताल में उस समय ड्यूटी पर तैनात लिफ्टमैन को हिरासत में लिया गया है। यांत्रिक त्रुटि के कारण यह हादसा हुआ या इसके पीछे कोई और वजह है? पुलिस इसकी जांच कर रही है। कई मरीजों के परिजनों ने सरकारी अस्पताल की स्थिति और यहां मिलने वाली सेवाओं के प्रति अपनी शिकायतें भी दर्ज करवायी हैं। बताया जाता है कि मृतक का घायल बेटा इस समय अस्पताल में इलाजरत है। दुर्घटना के बाद से मृतक की पत्नी भी ट्रॉमा में बतायी जा रही है।