प्रत्याशी का नाम : डॉ. राजेश कुमार
विधानसभा केंद्र : जगद्दल (उत्तर 24 परगना)
पार्टी : भाजपा
उत्तर 24 परगना जिले के जगद्दल विधानसभा केंद्र से भाजपा की टिकट पर चुनावी मैदान में उतरे हैं पूर्व IPS अधिकारी डॉ. राजेश कुमार। 1990 के बैच के IPS और पूर्व पुलिस अधिकारी को भाजपा ने चुनावी मैदान में उतारकर जगद्दल सीट पर कमल खिलाने की तैयारी कर ली है।
इस साल के विधानसभा चुनाव में डॉ. राजेश कुमार समेत कुल 3 ऐसे उम्मीदवार हैं जो पूर्व पुलिस अधिकारी हैं। इनमें IPS हुमायूं कबीर और प्रसून बंद्योपाध्याय भी शामिल हैं, जो इससे पहले भी राज्य की सत्ताधारी पार्टी तृणमूल के टिकट से चुनावी मैदान में अपना दमखम दिखा चुके हैं।
डॉ. राजेश कुमार पहली बार चुनावी मैदान में उतर रहे हैं। शुक्रवार से बतौर भाजपा प्रत्याशी डॉ. राजेश कुमार ने चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है। गुरुवार को अपने प्रचार अभियान के दौरान उन्होंने कहा कि सड़कों को बेहतर बनाना, पेयजल की व्यवस्था, पर्यावरण, प्रकाश की व्यवस्था इन सबको अगर ठीक किया जा सका तो मेरे इलाके के लोगों का विकास कोई नहीं रोक सकता है। क्योंकि जीने के लिए मूलभूत चीजों के साथ काफी कुछ जुड़ी रहती है। अगर लोगों की ऊर्जा को बढ़ा दिया जा सका तो बाकी मामलों को वे खुद ही संभाल सकेंगे।
कौन से पदों पर कर चुके हैं काम?
हावड़ा के अतिरिक्त पुलिस सुपर
पर्यावरण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सेक्रेटरी
कोलकाता पुलिस के कमिश्नर
मास एडुकेशन और लाइब्रेरी विभाग के प्रिंसिपल सेक्रेटरी
यूपीए सरकार में तृणमूल कांग्रेस के राज्य मंत्री सौगत राय के सचिव और बाद में जब मुकुल राय रेल मंत्री बने तब उनके व्यक्तिगत सचिव भी रह चुके हैं।
सीआईडी के एडीजी
राजस्थान कैडर के उक्त वरिष्ठ अधिकारी ने करीब 35 सालों तक पुलिस विभाग में काम किया था। इसके साथ ही उन्होंने लंबा वक्त सेंट्रल डेप्यूटेशन में भी गुजारा है।
साल 2010 में डॉ. राजेश कुमार को राष्ट्रपति पुरस्कार और 2017 में मुख्यमंत्री पुलिस पदक से सम्मानित किया गया।