राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के बवाना में दिन-दहाड़े घर में घुसकर गोली मारने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गयी है जबकि दूसरा व्यक्ति अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच झुल रहा है। प्राथमिक जांच में दिल्ली पुलिस का अनुमान है कि इस घटना के पीछे किसी कुख्यात गैंग का हाथ हो सकता है या फिर यह किसी गैंगवार का नतीजा हो सकता है।
पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार को अचानक दिल्ली के बवाना स्थित एक घर में कुछ हथियारबंद अपराधी घुस गए। दावा किया जा रहा है कि सभी अपराधी बाइक पर सवार होकर पहुंचे थे। घर में वे जबरन घुसे और इससे पहले कि घर के लोगों को कुछ समझ आता कथित तौर पर अपराधियों ने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी।
दावा किया जा रहा है कि गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका कांप उठा था। गोलियों की आवाज और घर से आती चीख पुकार को सुनकर पास-पड़ोस से लोग उस तरफ दौड़ पड़े। हालांकि किसी के वहां पहुंचने से पहले ही अपराधी मौके से फरार हो गए।
बताया जाता है कि अपराधियों की गोली से रवि (28) की मौके पर मौत हो गयी जबकि घर के मालिक यानी मृतक के पिता को भी गोली लगी। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां वर्तमान में उनकी हालत काफी गंभीर बतायी जाती है। इसके साथ ही इस हमले में एक 10 वर्षीय बालक भी घायल हो गया है। बताया जाता है कि घर के बगल में मौजूद एक दुकान पर एक युवक खड़ा था, उसे भी अपराधियों की एक गोली लगी है।
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में बताया कि घटना को देखकर प्राथमिक तौर पर अनुमान लगाया जा रहा है कि योजना बनाकर इस घटना को अंजाम दिया गया है। संभावना जतायी जा रही है कि गैंगवार की वजह से ही यह हत्याकांड की गयी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद ही मौके पर भारी तादाद में पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है।
घटनास्थल पर आउटर नॉर्थ दिल्ली के डीसीपी हरेश्वर स्वामी व अन्य वरिष्ठ अधिकारी पहुंच चुके हैं। पूरे इलाके को घेर लिया गया है। अपराधियों की पहचान के लिए पुलिस CCTV कैमरे के फुटेज खंगाल रही है। दिनदहाड़े घर में घुसकर गोली मार कर हत्या करने की इस घटना को लेकर इलाके के लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।