🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

इंदौर में इलेक्ट्रिक वाहन की चार्जिंग के दौरान विस्फोट से भीषण आग, 7 लोगों की मौत; सरकार ने दिए जांच के आदेश

रिहायशी मकान में लगी भीषण आग की घटना की जांच के लिए मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने एक विशेषज्ञ समिति गठित करने को कहा।

By डॉ. अभिज्ञात

Mar 18, 2026 12:53 IST

इंदौरः मध्य प्रदेश के इंदौर में एक इलेक्ट्रिक वाहन के चार्जिंग प्वाइंट में हुए विस्फोट से शुरू हुई आग ने बुधवार तड़के बड़ा हादसा कर दिया। तेजी से फैली इस आग की चपेट में आकर एक तीन मंजिला रिहायशी मकान में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

यह घटना सुबह करीब 4 बजे बृजेश्वरी एनेक्सी इलाके में हुई, जहां आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घर के बाहर खड़े इलेक्ट्रिक वाहन की चार्जिंग के दौरान विस्फोट हुआ, जिसके बाद आग वाहन से मकान तक फैल गई। मकान के अंदर रखे कई गैस सिलेंडरों में भी धमाके हुए, जिससे हालात और गंभीर हो गए।

सूचना मिलते ही दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस के अनुसार, घटना के समय अत्यधिक गर्मी और लगातार हो रहे सिलेंडर विस्फोटों के कारण बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण हो गया था। एहतियात के तौर पर आसपास की इमारतों की भी जांच की जा रही है।

बताया जा रहा है कि मकान में इलेक्ट्रॉनिक लॉक सिस्टम लगा था, जिससे बिजली बाधित होने की स्थिति में दरवाजे खुलने में दिक्कत आई और बचाव कार्य प्रभावित हुआ। इसके अलावा, घर में ज्वलनशील रसायनों की मौजूदगी ने आग को और भड़काने का काम किया।

घटना के बाद मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय मौके पर पहुंचे और अधिकारियों के साथ स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने इस हादसे को बेहद दुखद और चिंताजनक बताते हुए कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते उपयोग के दौर में इस तरह की घटनाएं गंभीर सवाल खड़े करती हैं।

मंत्री ने जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरे मामले की गहन जांच के लिए एक विशेषज्ञ समिति गठित की जाए। साथ ही, भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए एक मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार करने पर भी जोर दिया गया।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि आग की वजह इलेक्ट्रिक वाहन या उसके चार्जिंग सिस्टम से जुड़ी है, तो इसके पीछे के कारणों का विस्तृत अध्ययन किया जाएगा, ताकि आगे ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए ठोस कदम उठाए जा सकें।

फिलहाल प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य जारी है तथा हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Articles you may like: