🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

मौसम ने लिया यू-टर्न! आज से कालवैशाखी का तांडव, कोलकाता समेत 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में बताया है कि शुक्रवार से रविवार तक यानी 20 से 22 मार्च तक राज्य के विभिन्न जिलों में कालवैशाखी की संभावना है।

By Moumita Bhattacharya

Mar 20, 2026 11:24 IST

बसंत के मौसम में कहां कोयल की कूक, फूलों की सुगंध और सुहावने मौसम का लोग आनंद उठाएंगे...लेकिन यह क्या! मौसम का तो मूड स्विंग हो गया है और शुक्रवार से ही मौसम में बड़ा बदलाव आने वाला है। मौसम विभाग ने भरे बसंत में कालवैशाखी के तांडव का पूर्वानुमान जताया है।

संभावना जतायी जा रही है कि आज यानी शुक्रवार को राज्य के कई जिलों में भारी बारिश के साथ आंधी भी आ सकती है। सिर्फ इतना ही नहीं, मौसम विभाग के मुताबिक कई जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से भी तेज हवाएं बह सकती हैं।

मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में बताया है कि शुक्रवार से रविवार तक यानी 20 से 22 मार्च तक राज्य के विभिन्न जिलों में कालवैशाखी की संभावना है। तेज हवाओं के साथ आंधी और ओले पड़ने की आशंका भी जतायी गयी है। शुक्रवार की दोपहर के बाद से राज्य के विभिन्न इलाकों में बारिश बढ़ सकती है।

उत्तर व दक्षिण बंगाल को मिलाकर कुल 12 ऐसे जिले हैं जो आंधी-बारिश की वजह से सबसे ज्यादा प्रभावित होंगे। इन जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बताया जाता है कि सोमवार से फिर मौसम में सुधार हो सकता है।

दक्षिण बंगाल में मौसम का हाल

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार दक्षिण बंगाल के मौसम में शुक्रवार की सुबह से ही परिवर्तन होना शुरू हो गया है। आसमान में काले बादल छाए हुए हैं। शुक्रवार को पुरुलिया, पूर्व व पश्चिम बर्धमान, बीरभूम, झारग्राम और पश्चिम मिदनापुर में बारिश व आंधी की आशंका जतायी गयी है।

इन जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज आंधी और ओले बरसने और वज्रपात की संभावना भी है। शनिवार को इस साल की दूसरी कालवैशाखी की संभावना है।

कोलकाता में भी भारी बारिश की आशंका

मौसम विभाग ने बताया है कि कोलकाता में भी शुक्रवार को भारी बारिश और आंधी होने की आशंका है। अगले 48 घंटों में बारिश के साथ ओले भी बरस सकते हैं। शाम के बाद वज्रपात समेत 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी भी आ सकती है।

बात अगर उत्तर बंगाल की करें तो यहां के कई जिलों में भारी बारिश की आशंका जतायी गयी है। शुक्रवार और शनिवार को दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरदुआर जिलों में 70 से 110 मिमी तक बारिश हो सकती है। वहीं उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर, मालदह में भी तेज हवा के साथ वज्रपात होने की आशंका है। वहीं सन्दकफु में बर्फबारी होने की खबरें भी सामने आ रही हैं।

Articles you may like: