राज्य में जैसे ही विधानसभा चुनाव की घोषणा हुई है उसके बाद से ही पुलिस ने नाका जांच तेज कर दी है। शुक्रवार की सुबह न्यू टाउन में सिटी सेंटर के पास एक गाड़ी से लाखों रुपए नगद बरामद किए गए हैं। गोपनीय सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार विधाननगर पुलिस कमिश्नरेट के जासूसों ने इकोपार्क थाना पुलिस को साथ में लेकर न्यूटाउन सिटी सेंटर के पास अभियान चलाया।
बताया जाता है कि एक ऐप कैब को रोककर उसकी तलाशी ली गयी। पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार सुरेश ठाकुर नामक एक व्यक्ति गाड़ी चला रहे थे। सुरेश ठाकुर गुजरात का रहने वाला है। बताया जाता है कि तलाशी लेने के दौरान उक्त गाड़ी से 25 लाख रुपए नगद बरामद किया गया है। रुपए के स्रोत के बारे में न तो कोई सटीक कागजात दिखा सका और न ही कोई सबूत बता सका। इस वजह से सुरेश ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
गौरतलब है कि 2 दिनों पहले भी अलीपुरदुआर जिले में नाका तलाशी के समय भारी मात्रा में नगद रुपए बरामद किया गया है। असम का नंबर प्लेट लगायी एक गाड़ी को देखकर पुलिस को संदेह हुआ।
गाड़ी को रोक कर उसकी तलाशी ली गयी। बताया जाता है कि पुलिस ने गाड़ी में से 100 और 500 रुपया का बंडल बरामद किया गया है। पुलिस ने इस गाड़ी से कुल 2 लाख 75 हजार रुपया बरामद किया है। बताया जाता है कि उक्त ड्राइवर भी न तो रुपयों का स्रोत बता सका और न ही इस संबंध में कोई दस्तावेज दिखा सका। इसलिए ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया।
गत 15 मार्च को चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल के लिए चुनाव की तारीखों की घोषणा की थी। उसी दिन से राज्य में आदर्श आचार संहिता को लागू कर दिया गया था। आम तौर पर 50 हजार से अधिक नगद रुपए और 10 हजार रुपए से अधिक मूल्य की सामग्री को लेकर आवाजाही करने पर उस सामग्री के स्रोत के बारे में सटीक जानकारी देना पड़ेगा। अगर स्रोत नहीं बताया जा सका तो पुलिस सामग्रियों को जब्त कर सकती है।