कोटाः शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर की जनहिताय-जन सुखाय पदयात्रा के अंतिम दिन कोटा में एक अलग ही नजारा देखने को मिला। पदयात्रा के चौथे दिन मंत्री दिलावर ग्राम पंचायत बोराबास के भैरूपुरा गांव पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीणों के साथ चौपाल लगाकर उनकी समस्याएं सुनीं। चौपाल के दौरान कुछ ग्रामीणों ने गांव में शराबखोरी की समस्या की शिकायत मंत्री के सामने रखी। इसके बाद मंत्री ने इस समस्या के समाधान के लिए अनोखा तरीका अपनाते हुए ग्रामीणों को शराब छोड़ने की शपथ दिलवाई।
मंत्री मदन दिलावर ने चौपाल में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि गांव के विकास के लिए सरकार हर संभव मदद देने को तैयार है। उन्होंने कहा कि आप जो मांगेंगे वह देने के लिए मैं तैयार हूं, लेकिन मेरी एक शर्त है कि गांव के लोग शराब छोड़ने का संकल्प लें। मंत्री की यह बात सुनकर कुछ देर के लिए ग्रामीण चौंक गए। इसके बाद उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें किसी से पैसे या अन्य चीज नहीं चाहिए, बल्कि सिर्फ इतना चाहिए कि लोग शराब की आदत छोड़ दें।
पानी से भरा लोटा हाथ में रखवाकर दिलवाया शपथ
इसके बाद मंत्री ने पानी से भरा एक लोटा मंगवाया और गांव के पुरुषों से कहा कि वे इस लोटे को हाथ में लेकर शपथ लें कि आज के बाद शराब का सेवन नहीं करेंगे। शुरुआत में कुछ लोग हिचकिचाए, क्योंकि भील समुदाय में शराब पीने की पुरानी परंपरा रही है। हालांकि गांव के बुजुर्गों और अन्य लोगों के समझाने पर एक-एक कर कई ग्रामीण मंच पर पहुंचे और पानी से भरे लोटे को हाथ में लेकर शराब छोड़ने का संकल्प लिया।
गांव में 80 लाख के विकास कार्यो की घोषणा की
ग्रामीणों की शपथ के बाद मंत्री मदन दिलावर ने उन्हें सख्त संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि अगर गांव के लोग अपने वचन पर कायम रहेंगे तो विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी, लेकिन यदि किसी ने फिर से शराब पी तो गांव के विकास कार्यों को रोक दिया जाएगा। इसके साथ ही मंत्री ने भैरूपुरा गांव के लिए करीब 80 लाख रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की। उन्होंने बताया कि इस राशि से 30 लाख रुपये की लागत से नाली और सीसी सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा 35 लाख रुपये आंगनबाड़ी भवन के निर्माण, 5 लाख रुपये श्मशान घाट की चारदीवारी और 10 लाख रुपये सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए दिए जाएंगे।
शराब परिवार और समाज दोनों को नुकसान पहुंचाती है
मंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को इन विकास कार्यों को जल्द शुरू कराने के निर्देश भी दिए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना, खाद्य सुरक्षा योजना के तहत मुफ्त गेहूं वितरण और पात्र लोगों को पेंशन दिलाने के लिए गांव में विशेष शिविर लगाने को कहा। मदन दिलावर ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि आज से आप सभी मेरे भाई हैं। यदि गांव में कोई बीमार पड़ता है या किसी को किसी प्रकार की परेशानी होती है तो मुझे जरूर बताएं, जरूरत पड़ी तो मैं जयपुर ले जाकर उसका इलाज करवाऊंगा। उन्होंने लोगों को समझाते हुए कहा कि शराब परिवार और समाज दोनों को नुकसान पहुंचाती है। इससे आर्थिक परेशानी बढ़ती है और बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित होती है। इसलिए शराब से दूर रहें और अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजें।