🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

राजस्थान से अहमदाबाद जा रही बस में भीषण आग, खिड़कियों से कूदे यात्री, 1 मृत, 6 घायल

By लखन भारती

Mar 13, 2026 15:38 IST

जयपुरः जैसलमेर के नाचना से अहमदाबाद जा रही एक प्राइवेट बस में गुजरात के धानेरा के पास तड़के भीषण आग लग गई। बस में सवार 16 यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोगों ने खिड़कियों से कूदकर अपनी जान बचाई। इस हादसे में एक व्यक्ति के मारे जाने की खबर है।

राजस्थान के जैसलमेर जिले के नाचना से अहमदाबाद जा रही एक प्राइवेट ट्रैवल बस शुक्रवार तड़के गुजरात में भीषण हादसे का शिकार हो गई। यह घटना गुजरात के धनेरा के पास सुबह करीब 3:30 बजे हुई। उस समय बस में सवार सभी 16 यात्री गहरी नींद में थे। शुरुआती जानकारी के अनुसार बस के एयर कंडीशनर में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी बस धूं-धूं कर जलने लगी और आग के बड़े गोले में बदल गई। अचानक आग लगने से बस के अंदर अफरा-तफरी मच गई। नींद में सो रहे यात्रियों की आंख खुलते ही बस में चीख-पुकार शुरू हो गई। कई यात्रियों ने अपनी जान बचाने के लिए तुरंत खिड़कियों से बाहर कूदकर किसी तरह खुद को सुरक्षित निकाला। इसमें एक व्यक्ति के मारे जाने की खबर मिल रही है। वहीं बस में सवार बाकी यात्रियों को मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद छुट्टी दे दी गई।

जल गए मोबाइल फोन

हादसे के कारण यात्रियों को भारी नुकसान भी उठाना पड़ा है। आग इतनी भीषण थी कि बस में रखा अधिकांश सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। यात्रियों के मोबाइल फोन, जरूरी दस्तावेज और अन्य सामान भी आग की चपेट में आ गए। मोबाइल फोन जल जाने की वजह से कई यात्रियों का अपने परिजनों से संपर्क भी टूट गया है और उनके नंबर फिलहाल बंद आ रहे हैं।

इस बस सेवा का संचालन करने वाली स्वागत ट्रैवल्स के संचालक निर्मल रैयानी ने बताया कि नाचना से अहमदाबाद के बीच यह बस सेवा हाल ही में शुरू की गई थी। जानकारी के अनुसार यह सेवा केवल तीन से चार दिन पहले ही शुरू हुई थी।

हादसे की सूचना मिलते ही ट्रैवल एजेंसी की ओर से एक टीम को तुरंत मौके पर भेजा गया है। एजेंसी के प्रतिनिधि यात्रियों की मदद करने और उनके परिजनों से संपर्क स्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं। फिलहाल स्थानीय प्रशासन और संबंधित एजेंसियां भी पूरे मामले की जांच में जुटी हुई हैं, ताकि आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा सके।

Prev Article
राजस्थान में 10वीं और 12वीं के रिजल्ट की तारीख का ऐलान, जल्द होगा इंतजार खत्म
Next Article
बालोतरा औद्योगिक क्षेत्र में बड़ा हादसा, स्लज टैंक की सफाई करते समय जहरीली गैस से 3 मजदूरों की मौत

Articles you may like: